दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 6 सितंबर। उतई क्षेत्र के आसपास में पिछले काफी समय से बिजली की समस्या को लेकर शहर व ग्रामीणों में भारी आक्रोश को देखते हुए नगर भाजपा उतई व भाजपा उतई मंडल ने बिजली विभाग का घेराव किया।
भाजपा पदाधिकारियों ने बिजली कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री माया बेलचंदन ने कहा कि भीषण गर्मी में शहर ही नहीं बल्कि पूरा उतई क्षेत्र में बार-बार अघोषित बिजली कटौती से परेशान है। शहर में रात को भी बिजली कटौती की जाती है और बिजली विभाग के अधिकारी फोन बंद कर लेते हैं। रात भर बिजली नहीं रहने से लोग परेशान रहे। ऊपर से बारिश नहीं होने के कारण किसान भाई भी परेशान हैं। ऐसा कई दिनों से लगातार चल रहा है और लोगों में इसे लेकर काफी गुस्सा है।
माया बेलचंदन ने बताया कि जनता की समस्याओं को लेकर न तो अधिकारी गंभीर है और न ही इस क्षेत्र के स्थानीय विधायक गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू व नगर के जनप्रतिनिधि।
नगर अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साहू ने बताया कि सुबह भी बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी गयी। ऐसे में पूरा शहर व ग्रामीण परेशान है। इस समस्या से शहर के तमाम लोग काफी समय से जूझ रहे हैं। अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बिजली विभाग के अधिकारी ने 2 दिन का आश्वासन दिया है कि इस बार किसी भी लाइन को बंद करने से पहले उसकी सूचना जारी करने का काम करेंगे ताकि बिजली लाइन बंद होने से पहले लोगों को जानकारी हो जाए। और टेली फोन नंबर जल्द ही नया शुरू किया जाएगा उसके बाद कोई भी समस्या नहीं होगा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन,मंडल अध्यक्ष फत्तेलाल वर्मा,महामंत्री सोनू राजपूत,वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर देवांगन,नगर अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साहू,भाजयुमों अध्यक्ष प्रवीण यदु,पार्षद सतीश चंद्राकर, पार्षद भीमसेन सिन्हा, सौरभ साहू सहित अधिक सांख्य में भाजपा कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।