दुर्ग

शिक्षक अजय रूस में विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे हिन्दी
02-Sep-2023 2:27 PM
शिक्षक अजय रूस में विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे हिन्दी

3 वर्ष की सेवा के लिए रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 सितंबर।
दीपक नगर दुर्ग निवासी हिंदी शिक्षक अजय साहू का केंद्रीय विद्यालय की विदेश सेवा हेतु चयन किया गया है। वे रुस की राजधानी मास्को में आगामी तीन वर्षों तक निवास कर अपनी सेवाएं देेंगे। सेवा देने वे सपरिवार रुस के लिए रवाना हो गए है। केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षक अजय साहू का कठिन चयन प्रक्रिया में देश के उत्कृष्ट शिक्षक के रुप में चयन किया गया है। वे छत्तीसगढ़ के पहले ऐसे शिक्षक है, जिनकी तीन वर्ष के लिए एम्बेंसी ऑफ इंडिया स्कूल मास्को रुस में नियुक्ति हुई है। वे अपनी पत्नी पार्वती साहू और दो बच्चों भानुराज और नीतिज्ञ साहू के साथ मास्को (रूस) के लिए रवाना हो गए है। 

वे रूस की राजधानी मास्को में आगामी तीन वर्षों तक अपनी सेवाएं देेंगे। वे भारतीय बच्चों के अलावा रुसी विद्यार्थियों को हिंदी पढ़ाएंगे। इस दौरान भारत सरकार द्वारा उनके आवास एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई है। केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षक के रूप में वे नारायणपुर, रायपुर, कोरबा के अलावा, गोधरा गुजरात, शिलांग-मेघालय सहित कई स्कूलों में हिंदी शिक्षक के रुप सेवा देते हुए सम्मानित किए गए है। वे दुर्ग-भिलाई के साहित्यिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रंगमंच-जगत में सक्रिय रहे है। आकाशवाणी से लगातार उनके लिखे सम-सामायिक आलेखों का प्रसारण होता रहा है। दूरदर्शन रायपुर से प्रसारित टेलीफिल्मों में भी उन्होंने उत्कृष्ट अभिनय किया है। शिक्षक अजय साहू की इस उपलब्धि पर केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षकों के अलावा साहित्यकारों, कलाकारों एवं नगरवासियों ने बधाई दी है।


अन्य पोस्ट