दुर्ग

चंडी मंदिर से वैभव यात्रा, आज से नवधा रामायण पाठ
01-Sep-2023 3:02 PM
चंडी मंदिर से वैभव यात्रा, आज से नवधा रामायण पाठ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 1 सितंबर। कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के लिए प्रसिद्ध राधाकृष्ण मंदिर महेश नगर में जन्माष्टमी उत्सव की शुरुआत गुरुवार को रामायण जी की भव्य वैभव यात्रा से हुई। उत्सव का यह 18 वां वर्ष है। इस अवसर पर 300 से अधिक महिलाओं ने सिर पर रामायण जी को लेकर चंडी मंदिर दुर्ग से लेकर राधाकृष्ण मंदिर महेश नगर तक शोभायात्रा निकाली। करीब 1500 से अधिक भक्त इसमें शामिल हुए।

रास्ते में श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर, श्री मारूति मंदिर श्री दिगम्बर जैन पंचायत, श्री बोलबम सेवा समिति राजस्थान गौढ़ ब्राम्हण समाज एवं अन्य कई समाजों के द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। अब 1 सितंबर यानी आज से नवधा पारायण रामायण पाठ और विष्णु महायज्ञ, सुंदरकांड पाठ की शुरुआत होगी। जोधपुर के पं. गोपाल आसोपा और पं. सुशील आसोपा श्रद्धालुओं को नवधा पारायण रामायण का सामूहिक पाठ करवाएंगे। रामायण पाठ रोजाना दोपहर 2.30 बजे से 6.30 बजे तक होगा। विष्णु महायज्ञ आचार्य पं. पवन द्विवेदी के सानिध्य में होगा, को रोजाना सुबह 7.30 से दोपहर 2. बजे तक होगा। समिति ने रामायण पाठ में ज्यादा से ज्यादा सनातनप्रेमियों से उपस्थिति की अपील की है।

जन्माष्टमी पर सुबह से रात तक उत्सव

समिति के संरक्षक चतुर्भुज राठी ने बताया कि जन्माष्टमी पर 7 सितंबर को सुबह 6 बजे प्रभातफेरी, 7 बजे मंगला आरती, 8.30 बजे महाअभिषेक, 9.30 बजे ध्वजारोहण, सुबह 11.15 बजे 56 भोग, दोपहर 12.30 बजे से भक्तों के लिए फलाहारी, शाम 5 बजे से रास गरबा का आयोजन होगा।

मध्य रात्रि 12 बजे प्रभु श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। माखन मिश्री का प्रसाद बंटेगा। राधाकृष्ण मंदिर के पास धार्मिक कार्यक्रमों के लिए 26 हजार वर्ग फोट का स्थायी शेड का निर्माण करवाया गया है, जहां हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर रामायण का पाठ करेंगे।


अन्य पोस्ट