दुर्ग

स्वामी आत्मानंद विद्यालय तितुरडीह में संस्कृत पखवाड़ा
01-Sep-2023 2:44 PM
 स्वामी आत्मानंद विद्यालय तितुरडीह में संस्कृत पखवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 1 सितंबर। स्वामी आत्मानंद विद्यालय तितुरडीह दुर्ग में संस्कृत पखवाड़ा समारोह पूर्वक संपन्न हुआ. छत्तीसगढ़ संस्कृत शिक्षा सेवा संस्थान से प्रोत्साहित विद्यालय की संस्कृत व्याख्याता हेमलता साहू के कुशल संयोजन में 17.8.23 को विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रैली निकाल कर इसका शुभारम्भ हुआ था।

 संस्कृत पखवाड़ा के अंतर्गत विद्यार्थियों में श्लोक और सूक्ति वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। श्लोक वाचन में तनुश्री खुटेल, कृष मेश्राम,पूर्णिमा पटेल  ने तथा सूक्ति वाचन में फरहान खान और टिकेश कुमार ने पुरस्कार प्राप्त किया। संस्कृत पखवाड़ा का समापन समारोह 31.8.23 को विद्यालय में आयोजित हुआ,जिसमें मुख्य अतिथि संस्कृत विदुषी तथा इस विद्यालय की भूतपूर्व प्राचार्य मंगला भराड़े थीं। विशेष अतिथि सेजस कन्या विद्यालय धमधा के संस्कृत व्याख्याता हेमंत शर्मा थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चरणजीत कौर भुल्लर ने की। मुख्या अतिथि मंगला भराड़े ने संस्कृत भाषा को सभी भाषाओं की जननी बताते हुए इसके प्राचीन और आज के विश्वव्यापी महत्व पर प्रकाश डाला। विशेष अतिथि हेमंत शर्मा संस्कृत को हमारी सदियों पुरानी संस्कृति का केंद्र होने के साथ-साथ रोजगार मूलक बताते हुए इसे अपनाने हेतु प्रेरित किया।

विद्यालय के व्याख्याता कैलाश बनवासी ने संस्कृत के विपुल ग्रंथो, वेदों, उपनिषदों, रामायण, महाभारत, पंचतंत्र, हितोपदेश आदि का परिचय देते हुए इसके प्रेरक श्लोकों का पाठ कर इनकी व्याख्या की। व्याख्याता राजेश श्रीवास्तव तथा डॉ.मधुबाला कसार ने भी इसके महत्व को बताते हुए शुभकामनाएं दी। इस रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन में छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी राज्य गीत के संस्कृत रूपांतरण पर नयनाभिराम नृत्य प्रस्तुति दी।

इसी के साथ संस्कृत के विभिन्न गीतों पर कनक लक्ष्मी, रौशनी, पूर्णिमा पटेल,टी. सरूपा, एस.सम्क्का., वंदना, संजना यादव, देविका, कविता यादव, खिलेश्वरी आदि ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर समां बाँध दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे। व्याख्याता हेमलता साहू ने कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए आभार प्रदर्शन किया।  


अन्य पोस्ट