दुर्ग

टण्डन ने बिना निराकरण के जन चौपाल से प्रकरण विलोपित करने की शिकायत
01-Sep-2023 2:42 PM
टण्डन ने बिना निराकरण के जन चौपाल से प्रकरण विलोपित करने की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 1 सितंबर। बिना निराकरण किए ही कलेक्टर को जनचौपाल में सौंपे गए आवेदन का प्रकरण विलोपित कर दिया गया है। आवेदक भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कोषाध्यक्ष अश्वनी टण्डन ने बिना निराकरण किए प्रकरण निराकृत बताए जाने की शिकायत की है। मामले में उन्होंने पुन: जन चौपाल में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

श्री टण्डन का कहना है कि जनदर्शन ( जनचौपाल ) में उनके द्वारा दिये गये टोकन क्र. 2100223003617 में निराकरण नहीं करने का आवेदन दिया गया था। इस पर संयुक्त कलेक्टर की ओर से उन्हें प्राप्त पत्र में कहा गया है कि  उनके द्वारा कलेक्टर के समक्ष जो आवेदन प्रस्तुत किया गया था। जिसमें उन्होंने पूर्व में जमा अपने 4 टोकन पर समय सीमा में निराकरण ना होना उल्लेखित किया था, जिस पर संबंधित विभाग द्वारा समय अवधि में कार्रवाई पूर्ण की गई है। इसलिए प्रकरण जनचौपाल से विलोपित किया गया है।

श्री टण्डन ने बताया कि सडक़ दुर्घटना में मृत्यु होने के बाद आर्थिक सहायता राशि के लिए आवेदन 27 मार्च 2023 को प्रस्तुत किया गया था 6 जुलाई को अनुविभागीय अधिकारी भिलाई 3 के द्वारा 25000 की सहायता राशि पास कर दिया और धमधा तहसील को पत्र भेजा गया लेकिन धमधा तहसील में बजट नहीं है करके लगातार एक महीने से आवेदक चक्कर काट रहा है।

इसी प्रकार 6जून 2022 को छात्र-छात्राओं का जाति प्रमाण पत्र के संबंध में आवेदन दिया था।  इसे लेकर अनुविभागीय अधिकारी द्वारा 1950 का दस्तावेज पेश नहीं होने के कारण जाति प्रमाण पत्र नहीं बनेगा करके पत्र जारी किया गया है। जबकि मुख्य मंत्री द्वारा पंचायत प्रस्तव एवं प्रारूप 1, 2, 3, के आधार पर जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए आदेश दिया गया था। उसके बाद भी आज भी 1950 का दस्तावेज पेश करने को कहा गया है। जिसके कारण बच्चों को आज भी जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए भटकना पड़ रहा है।

वहीं प्राथमिक उप स्वास्थ्य केन्द्र नंदकठी में 108 संजीवनी एम्बूलेन्स की मांग की गई थी अति आवश्यक होने के बाद भी संबंधित अधिकारी के द्वारा नंदकठी उपस्वास्थ केन्द्रमें 108 संजीवनी एम्बूलेन्स की सुविधा नहीं दिया जा सकता कहा गया है। श्री टण्डन का कहना कि वे बहुत उम्मीद से आम जनता की समस्याओं के लेकर उनके पास आते है ताकि जो लोग भटक रहे है, उनकी समस्या का निदान हो जाए।


अन्य पोस्ट