दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 सितंबर। घर के बगल में ही रह रही प्रार्थिया की देवरानी ने प्रार्थिया के घर में रखे जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।
प्रार्थिया की शिकायत के कुछ घंटे के भीतर ही जेवरा सिरसा पुलिस चौकी ने आरोपिया देवरानी व उसकी मौसी को पकडऩे में सफलता हासिल की। दोनों ही आरोपियां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल दाखिला किया गया है। दोनों आरोपिया के पास से पुलिस ने लगभग डेढ़ लाख रुपए कीमत के जेवरात बरामद किए हैं।
जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत हुई चोरी का खुलासा करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थिया हेमलता निषाद पति जितेंद्र निषाद निवासी ग्राम समोदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर के अलमारी में रखे लगभग डेढ़ लाख रुपए के गहने जिसमें सोने का गुलबंद एक नग, सोने की अंगूठी, सोने का एक मंगलसूत्र, सोने के गेहूं दाने, सोने का एक नग झुमका, एक नग चांदी का करधन, एक नग चांदी के चाबी का गुच्छा, दो नग पायल आदि की अज्ञात चोर ने चोरी कर ली है।
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव ,थाना प्रभारी पुलगांव तपेश्वर सिंह नेताम के निर्देश में चौकी प्रभारी जेवरा सिरसा के नेतृत्व में टीम गठित कर अज्ञात चोर की पतासाजी मे लगाई गई थी। पुलिस टीम को जांच में प्रार्थिया हेमलता निषाद के घर के बाजू में ही रह रही उसकी देवरानी निशा निषाद पर शक हुआ। संदेह के आधार पर निशा निषाद से पूछताछ की गई।
पूछताछ में निशा निषाद ने स्वीकार किया कि उसने गहनों की चोरी की है। एक अंगूठी, एक पायल और चाबी का गुच्छा को उसने अपनी मौसी चमेली निषाद को दे दी थी और बाकी गहने अपने मौसी के कहने पर उसने अपने पास रख ली थी। सभी गहनों को आरोपिया निशा निषाद और चमेली से बरामद किया गया है।