दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 अगस्त। हाईवे के किनारे बुधवार की सुबह 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंची। मृतक की पहचान गुरजीत सिंह निवासी कातुलबोर्ड के रूप में हुई है। मौत का कारण अज्ञात है। शव का पीएम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
कोतवाली थाना प्रभारी महेश ध्रुव ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग बघेरा के पास बुधवार की सुबह युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच करने पर मृतक के शरीर में कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले। गुरजीत सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। उसकी पत्नी शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्ड का काम करती है। गुरजीत के एक परिचित ने पुलिस को बताया कि वह आदतन शराबी था, कोई काम नहीं करता था। पुलिस मृतक द्वारा अधिक शराब सेवन कर लिए जाने से उसकी मौत होना मानकर जांच कर रही है।