दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 अगस्त। किशोरी को बहला फुसलाकर एवं शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी प्रकाश सोनी को धारा 366 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, 100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर एक माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास, धारा 496 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, 100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर एक माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत 20 वर्ष के सश्रम कारावास,5000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदं न दे पाने पर 1 वर्ष के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
किशोरी अपने मामा के घर स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में 11 मई 2022 को आई हुई थी। मामा के घर आने के बाद किशोरी अपने परिवार वालों के साथ घर में अच्छे से रह रही थी। 18 मई की दोपहर को 12 बजे तक वह घर पर ही थी। इसके बाद आरोपी प्रकाश सोनी उर्फ छोटका 21 वर्ष निवासी कोहका चौकी स्मृति नगर किशोरी को बहला फुसलाकर उसे शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ भागकर बनारस उत्तर प्रदेश लेकर गया। वहां पर उसने किसी मंदिर में बलपूर्वक बिना विधिवत किशोरी से 19 मई 2022 को विवाह कर लिया। इसके बाद आरोपी 22 मई से 29 मई 2022 तक बनारस में किराए के मकान में किशोरी को अपने साथ रखा और लगातार रेप किया। पुलिस ने आरोपी को बनारस से गिरफ्तार किया और किशोरी को उसके पास से बरामद किया। किशोरी के अचानक गायब हो जाने पर किशोरी के ममेरे भाई ने स्मृति नगर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।