दुर्ग
55.33 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग/कुम्हारी, 24 अगस्त। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने 63वें जन्मदिन पर कुम्हारी में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को 55 करोड़ 33 लाख 56 हजार के विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 7 करोड़ 95 लाख 43 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 47 करोड़ 38 लाख 13 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्रांतर्गत विभिन्न विकास कार्यों हेतु 4 करोड़ 73 लाख 93 हजार रुपए एवं दुर्ग के कृषि उपज मंडी समिति अंतर्गत 3 निर्माण कार्यों हेतु 3 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसी प्रकार भूमिपूजन अंर्तगत उन्होंने विकासखंड पाटन की भिलाई डिस्ट्रीब्यूट्री एवं इसके 5 माइनर नहरों के जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग कार्य हेतु 13 करोड़ 61 लाख 36 हजार, कुम्हारी बड़ा तालाब (वार्ड क्रमांक 13) से कुम्हारी शमशान घाट तक 1.5 किमी क्षेत्र में मार्ग एवं पुलिया निर्माण हेतु 3 करोड़ 49 लाख 15 हजार रुपए, नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न विकास कार्यों हेतु 4 करोड़ 1 लाख 85 हजार रुपए एवं कृषि उपज मंडी समिति, दुर्ग के अंतर्गत 16 निर्माण कार्यों हेतु 26 करोड़ 25 लाख 77 हजार रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में नागरिकों ने उनके जन्मदिवस पर मंच में लड्डुओं और किसानों ने धान से तौला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पाटन क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरती को प्रणाम करते हुए सभी नागरिकों को जन्मदिवस की आशीष देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पाटन क्षेत्र में राजनीतिक जागरूकता शुरू से रही है। पाटन क्षेत्र के सियान लोगों के आशीर्वाद से आज प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश किसानों का प्रदेश है। सरकार ने किसानों के आर्थिक स्थिति को ऊपर उठाने योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ हितग्राहियों को मिल रहा है। विगत पौने पांच साल में 1 लाख 70 करोड़ की राशि विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के खाते में डाले गए हैं। सरकार कोरोना काल के विषम परिस्थिति में भी लोगों के साथ खड़ी थी, हम सेवाभाव से आगे बढ़े हैं। हर व्यक्ति हर परिवार को ध्यान में रख कर योजना बनाये हैं। इन योजनाओं के सुचारू संचालन से हितग्राही लाभान्वित हो रहे है। उन्होंने कहा कि आज कृषि में पैदावारी बढऩे के साथ लाभकारी व्यवसाय बन गई है।
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि जो काम मुख्यमंत्री के रूप भूपेश बघेल जी ने किया है वैसा कार्य कोई दूसरे नहीं कर सकता। उनके कार्यों के आधार पर यहां के लोगों ने भूपेश है तो भरोसा है का नारा दिया है। मंत्री श्री साहू ने नरवा, गरूवा, घुरूवा बारी योजना सहित सरकार की अन्य योजनाओं को विस्तार पूर्वक रेखांकित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत, जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।
करीब 3000 कार्यकर्ताओं ने किया कांग्रेस प्रवेश
मुख्यमंत्री के जन्मदिन को खास बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने जी जान लगा दिया प्रात: स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। पाटन विधान सभा क्षेत्र से करीब 3 हजार लोगों ने कांग्रेस प्रवेश किया।
अवसर पर स्थानीय कार्यकर्ताओं में राजेश्वर सोनकर अध्यक्ष नगरपालिका परिषद कुम्हारी, उपाध्यक्ष के रवि कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत , थनेश पटेल, स्वप्निल उपाध्याय, विधायक प्रतिनिधि शीश बंसल, पवन अग्रवाल, ओम नारायण वर्मा एवं राकेश कुर्रे सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।