दुर्ग

निर्णय पर किसानों की ओर से भाजपा करेगी पीएम मोदी का अभिनंदन
13-Aug-2023 3:20 PM
निर्णय पर किसानों की ओर से भाजपा करेगी पीएम मोदी का अभिनंदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 13 अगस्त। छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने केंद्र की मोदी सरकार को किसानों की हित चिंतक बताया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में इस वर्ष 86.5 लाख मेट्रिक टन चावल अर्थात 1.30 करोड़ मेट्रिक टन धान की खरीदी करने का निर्णय लेकर किसानों को बड़ी सौगात दी गई है। इस निर्णय को भाजपा कार्यकर्ता प्रदेशभर में किसानों तक पहुंचाएंगे, साथ ही भाजपा छत्तीसगढ़ के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करेगी और किसानों को प्रधानमंत्री के नाम

पोस्टकार्ड के माध्यम से धन्यवाद ज्ञापित करने प्रोत्साहित किया जाएगा। शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने मीडिया से चर्चा में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर धान खरीदी के मुद्दे पर झूठ बोलकर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार धान खरीदी के लिए 82 प्रतिशत राशि देती है। मोदी सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 873 रूपए और खाद में सब्सिडी बढ़ाकर किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बार-बार यह झूठ बोलते हैं कि किसानों का पूरा धान प्रदेश सरकार खरीदती है, जबकि सच्चाई है कि केंद्र सरकार ने अब तक धान खरीदी के लिए प्रदेश सरकार को 74 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि का भुगतान किया है। जिसकी बदौलत प्रदेश के किसानों की धान खरीदी की जा सकी है।

श्री पांडेय ने कहा है कि प्रदेश सरकार यह बताए कि उसने प्रदेश के किसानों को कितना पैसा स्वयं की मद से दिया है। केंद्र सरकार पर केवल झूठे आरोप लगाने का काम करते हैं। यदि केंद्र सरकार चावल नहीं खरीदती है, तो क्या प्रदेश सरकार में इतना दम है कि वह किसानों की उपज का पूरा धान खरीद सके। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने धान खरीदी के मामले में आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने प्रति क्विंटल धान की कीमत 2500 रुपए देने का वादा तब किया था, जब समर्थन मूल्य 1750 रुपए प्रति क्विंटल था। तब कांग्रेस की सरकार को किसानों को प्रति क्विंटल धान की खरीदी पर 750 रुपये का बोनस देना था, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने चालबाजी करते हुए उन्हें अंतर की यह राशि नहीं दी। अब धान का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 2184 रुपये है। इसमें 750 रुपए जोडक़र इस सरकार को प्रति क्विंटल धान की खरीदी पर किसानों को लगभग लगभग 3हजार रुपए देना चाहिए।  हर साल केंद्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य बढ़ाया है, लेकिन कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा किसानों को दी गई राहत का लाभ नहीं दिया है। यह किसानों के साथ धोखेबाजी है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में 40.78 लाख किसान हैं। जिनके खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि पहुँचनी चाहिए, लेकिन छत्तीसगढ़ में सिर्फ 22 लाख किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि पहुँच रही है। प्रदेश के 18 लाख से भी ज्यादा किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि नहीं पहुँचने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। मीडिया से चर्चा के दौरान श्री पांडेय के साथ जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, महामंत्री ललित चंद्राकर, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, भाजपा नेता आशीष निमजे, अजय तिवारी, रजनीश श्रीवास्तव भी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट