दुर्ग

बजरंग पारा भिलाई 3 में निगम की टीम ने चलाया डेंगू रोकथाम अभियान
12-Aug-2023 3:15 PM
बजरंग पारा भिलाई 3 में निगम की टीम ने चलाया डेंगू रोकथाम अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 12 अगस्त। चरोदा क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 बजरंग पारा भिलाई - 03 में शुक्रवार को घर-घर पहुंच कर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू के पनपने वाली संभावित जगहों पर दवाई का छिडक़ाव करने के साथ लोगों को समझाईस देने का कार्य किया है।

ज्ञात हो कि महापौर निर्मल कोसरे एवं निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार नियमित निगम क्षेत्र के सभी वार्डो में मौसमी बीमारियों से बचाव को दृष्टिगत रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

जिसमें टायर, कूलर, गमले, सिंटेक्स, घर के आंगन तथा आस-पास में उगी झाडिय़ों में किसी भी स्थान पर पानी जमा नही होने देने की सलाह लोगो को दी जा रही है। इसके अलावा कालोनियों में तथा रिहायसी इलाको में अगर किसी स्थान पर सडक़ पर कोई गड्ढा है जिसमें पानी भरा हुआ है, उसे पाटने की कार्रवाई की जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारी अश्विनी चंद्राकर ने बताया कि अगर साफ पानी भी किसी कारण एक स्थान पर अधिक समय तक जमा रहे तो उसमे भी मौसमी बीमारी का प्रसार करने वाले कीटाणु और मच्छर पनपने की संभावना रहती है जिससे बचाव का रास्ता केवल सावधानी और सफाई है। इस कार्रवाई में स्वच्छता निरीक्षक बीनू वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम ने डेंगू को रोकथाम के लिए कार्य को अंजाम दिया।


अन्य पोस्ट