दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 अगस्त। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की पूरक परीक्षा 2023 सितंबर माह में संभावित है। पूरक परीक्षा में आवेदन करने हेतु विवि द्वारा ऑनलाईन पोर्टल एक बार पुन: खोला जायेगा। इससे पूर्व विवि प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि अगस्त माह के अंत तक सभी पुर्नमूल्यांकन एवं पुर्नगणना के नतीजे घोषित कर दिये जाये। इस आशय के निर्देश विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने आज अधिकारियों की बैठक लेकर दिये। डॉ. पल्टा ने कहा कि पूरक परीक्षा की पात्रता रखने वाले अधिकांश विद्यार्थियों ने विवि के पोर्टल पर ऑनलाईन रूप से आवेदन कर दिया है। इसके अलावा भी यदि कोई विद्यार्थी शेष रह गया है तो उसके लिए तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूरक परीक्षा संबंधी कोई निर्देश जारी होते है तो उसके अनुरूप विवि का पूरक परीक्षा हेतु ऑनलाईन पोर्टल 05 दिनों के लिए पुन: खोला जाएगा।
डॉ. पल्टा ने पूरक परीक्षा की पात्रता रखने वाले सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वें अपना अध्ययन जारी रखे जिससे पूरक परीक्षा में उन्हें सफलता प्राप्त हो सकें। विद्यार्थी अपना अध्ययन उचित रूप से नहीं करते है तथा खराब परीक्षा परिणाम आने पर सम्पूर्ण समाज को दिग्भ्रमित करते हैं। डॉ. पल्टा ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि यदि वें स्वयं कड़ी मेहनत करेंगे तो उन्हें विवि में आकर अनावश्यक प्रदर्शन करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। डॉ. पल्टा के अनुसार विवि प्रशासन विद्यार्थियों के हितों का संरक्षण करने हेतु सदैव प्रयासरत रहता है।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बैठक में कुलपति को जानकारी दी कि इस वर्ष बीते वर्षों के तुलना में इस वर्ष पुर्नमूल्यांकन एवं पुर्नगणना हेतु बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। विवि के लगभग 30 कर्मचारी प्रतिदिन इन आवेदनों की उत्तरपुस्तिकाओं को छांटकर विवि के बाहर के परीक्षकों के पास मूल्यांकन हेतु भेज रहे हैं। प्रतिदिन विभिन्न कक्षाओं के पुर्नमूल्यांकन एवं पुर्नगणना के नतीजे विवि द्वारा जारी किये जा रहे है।
इस विवि द्वारा स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाओं के 03 और परिणाम जारी कर दिये गये है। इन्हें मिलाकर कुल 29 परीक्षा परिणाम घोषित किये जा चुके हैं।
परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल के अनुसार एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर रसायन शास्त्र में शामिल 456 परीक्षार्थियों में 401 परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे जिनका परीक्षा परिणाम 88 प्रतिशत रहा। एम कॉम द्वितीय सेमेस्टर में शामिल 815 में से 568 परीक्षाार्थी उत्तीर्ण रहे तथा 229 परीक्षार्थियों को एटीकेटी की पात्रता मिली है। इनका परीक्षा परिणाम 70 प्रतिशत रहा। एम कॉम चतुर्थ सेमेस्टर में शामिल 806 में से 732 परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे तथा 27 परीक्षार्थियों को एटीकेटी की पात्रता मिली है। इनका परीक्षा परिणाम 91 प्रतिशत रहा।