दुर्ग

हेमचंद विवि में शिक्षा संकाय का पीएचडी वायवा आयोजित
08-Aug-2023 3:38 PM
हेमचंद विवि में शिक्षा संकाय का पीएचडी वायवा आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 8 अगस्त। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में शिक्षा संकाय का 1 पीएचडी वायवा विश्वविद्यालय परिसर स्थित टैगोर हॉल में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन रूप से आयोजित किया गया।

 यह जानकारी देते हुए पीएचडी सेल प्रभारी डॉ. प्रीता लाल ने बताया कि पीएचडी वायवा में अपोलो कॉलेज अंजोरा की सहायक प्राध्यापक दिव्या मिश्रा ने अपने शोध निर्देशक, एमजे कॉलेज भिलाई की डॉ. तृषा शर्मा एवं सहशोध निर्देशक कल्याण कॉलेज भिलाई की डॉ. पुष्पलता शर्मा के मार्गदर्शन में पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से किए गए शोध कार्य का विषय विद्यार्थियों की इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग साइट्स के प्रति अभिवृत्ति का उनके मूल्य एवं शैक्षिक उपलब्धि पर प्रभाव का अध्ययन से संबंधित प्रस्तुतिकरण किया। बाह्य परीक्षक के रूप में केन्द्रीय घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर के शिक्षा संकाय के प्राध्यापक प्रोफेसर बैजलवार उपस्थित थे। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा का तथा विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं अन्य महाविद्यालयों के प्राध्यापक एवं शोधार्थी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

शोधार्थी दिव्या मिश्रा ने बताया कि इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग साइट्स का प्रयोग लोग व्यक्तिगत हित एवं कैरियर हित के लिए करते हैं। सोशल मीडिया के दो हिस्से होते हैं एक श्रव्या तथा दृश्य। वर्तमान समय में दृश्य एवं श्रव्य का साथ- साथ उपयोग ज्यादा प्रचलित है। सोशल नेटवर्किंग साइट्स द्वारा अनेक लोग अपना अकेलापन दूर करने का प्रयास करते हैं। युवा अवस्था में कई बार विद्यार्थी गलत साइट्स का अवलोकन कर भ्रमित हो जाते हैं जिसका सीधा प्रभाव उनकी शैक्षिक उपलब्धि पर पड़ता है, परन्तु इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग साइट्स के माध्यम से कोरोना संक्रमण काल में पूरे शिक्षा जगत में बिना किसी बाधा के अध्ययन-अध्यापन जारी रहा।

सिक्के के दो हिस्सों की तरह किसी भी चीज के दो पहलू होते है उसका अच्छा अथवा बुरा होना उसके उपयोगकर्ता द्वारा सही या गलत उपयोग पर निर्भर करता है। इंटरनेट और सोशल नेटवर्किंग साइट्स को ज्ञान का अपार भंडार कहा जा सकता है। विद्यार्थियों का मस्तिष्क संवेदनशील होने के कारण वे जो देखते है सुनते है उसी से प्रभावित हो जाते है। वें व्यवहारिक सत्य एवं कृत्रिम चीजों में भेद नहीं कर पाते।


अन्य पोस्ट