दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अगस्त। योग की ऊंची अवस्था बनाने में संतुष्टता का गुण अति आवश्यक है व संतुष्ट का गुण उसमें आएगा जिसमें त्याग का गुण होगा। त्याग का आधार है वैराग्य। त्याग में ही सच्चा सुख है। वैराग्य उसको आएगा जिसका विवेक जागृत होगा।
उक्त बातें जबलपुर से पधारी वरिष्ठ राजयोगी शिक्षिका राजयोगिनि ब्रह्माकुमारी विमला बहनजी ने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर बघेरा दुर्ग में आयोजित एक दिवसीय योग तपस्या कार्यक्रम समय की पुकार हो जाओ तैयार में अपने दिव्य उद्बोधन में कही। उन्होंने आगे कहा कि बंधन मुक्त अवस्था ही योग युक्त अवस्था बनाती है। जीवन मुक्त अवस्था में ही अतिन्द्रिय सुख का अनुभव हो सकता है। हमें सद्गुणों (मूल्यों) को कसकर पकड़े रहना चाहिए। वर्तमान समय सबसे कीमती हमारी स्थिति है। निराशा इस जीवन के लिए सबसे खतरनाक है। हमें छोट-छोटे पुण्य जमा करते रहना है। छोटा छोटा पुण्य मिलकर बड़ा पुण्य बन जाता है और जब हम विपरीत या विकट परिस्थिति में होते हैं तो हमें इससे बाहर निकलने में मदद करता है।
सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर माननीय अतिथियों कमलेश पटेल जी उपसंचालक समाज कल्याण विभाग , सी.एल. संगोले जी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर छत्तीसगढ़ पुलिसहाउसिंग कॉरपोरेशन, राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी विमला बहन जी जबलपुर, ब्रह्माकुमारी रीटा बहन जी संचालिका दुर्ग सेवाकेंद्र द्वारा इस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया व पधारे हुए अतिथियों व भाई-बहनों के सम्मान में ब्रह्माकुमार गजानन भाई ने सुमधुर गीत की प्रस्तुति दी।
ब्रह्माकुमारी रुपाली बहन ने मंच संचालन किया। ब्रह्माकुमारी चैतन्य प्रभा ने कॉमेंट्री के द्वारा योग की सुखद अनुभूति करायी। इस कार्यक्रम में दुर्ग के बघेरा, केलाबाड़ी,आर्य नगर, सिंधिया नगर के अलावा बालोद, गुण्डरदेही, देवकर,साजा आदि स्थानों के संस्था के भाई-बहनों ने लगभग 2000 की संख्या में विश्व शांति की भावना से योग में शांति व शक्ति के प्रकम्पन फैलाए।