दुर्ग

प्रेमचंद जयंती और एक शाम मो. रफी के नाम का आयोजन
04-Aug-2023 7:29 PM
प्रेमचंद जयंती और एक शाम मो. रफी के नाम का आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 4 अगस्त। प्रेस क्लब ऑफ कुम्हारी के तत्वावधान में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी प्रेस क्लब भवन में समस्त पत्रकार साथियों द्वारा अत्यंत उल्लास पूर्वक मुंशी प्रेमचंद जयंती और एक शाम रफी के नाम कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम दो चरणों में प्रस्तुत किया गया प्रथम सत्र में मुंशी प्रेमचंद जयंती समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में ऋतंभरा साहित्य समिति के अध्यक्ष नारायण वर्मा ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्पहार तथा दीप प्रज्ज्वलित करने के पश्चात मुंशी प्रेमचंद तथा मोहम्मद रफी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राजेश कुमार साहू पुलिस अधीक्षक कोरिया जिला तथा जीतेंद्र कुशवाहा मुख्य कार्यपालन अधिकारी नगर पालिका परिषद कुम्हारी ने भी संयुक्त रुप से पुष्पहार अर्पित किया। छत्तीसगढ़ी गीतकार, लेखक एवं मंच के कलाकार हेमलाल साहू निर्मोही, सियान सदन के अध्यक्ष मुरारीलाल साव ने भी पुष्पहार कर नमन किया।

अतिथियों का स्वागत अभिनंदन प्रेस क्लब अध्यक्ष विक्रम शाह ठाकुर एवं पत्रकार साथियों ने पुष्प गुच्छ से किया। मुंशी प्रेमचंद लिखित पंच परमेश्वर कहानी का पाठ रविंद्र कुमार थापा ने किया। जिस पर समीक्षा करते हुए नारायण वर्मा ने अपने विचार रखे। दूसरे सत्र में अमर गायक मोहम्मद रफी की स्मृति में तुम मुझे यूँ भुला न पाओगे कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में सभी पत्रकार साथियों सहित गणमान्य नागरिकों ने भी मो. रफी साहब के गीतों को गाकर उन्हें स्मरण किया।

कार्यक्रम का संचालन पत्रकार साथी सुरेश वाहने एवं रविन्द्र कुमार थापा ने किया। देर रात्रि तक चले इस संगीतमय कार्यक्रम ने सभी श्रोताओं को बांधे रखा। प्रेस क्लब ऑफ कुम्हारी के अध्यक्ष द्वारा अपनी गरिमामयी परंपरा को जीवंत बनाए रखने का प्रण करते हुए तथा समस्त उपस्थित जनों को धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया।


अन्य पोस्ट