दुर्ग

महापौर परिषद से विभिन्न विकास कार्यों के लिए मिली मंजूरी
04-Aug-2023 4:13 PM
महापौर परिषद से विभिन्न विकास कार्यों के लिए मिली मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाईनगर, 4 अगस्त। भिलाई निगम के शिवाजी नगर खुर्सीपार क्षेत्र में 1984 में जारी पटटा का नवीनीकरण तथा अन्य क्षेत्र की भूमि पर काबिज झुग्गी झोपड़ी में निवासरत लोगों को राजीव गांधी आश्रय योजना के लंबित पटटा प्रदान किये जाने हेतु सामान्य सभा के माध्यम से शासन को भेजे जाने का तथा सी.सी.रोड एवं मंच निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है।

महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता एवं अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी की उपस्थिति में संपन्न हुई बैठक में खुर्सीपार क्षेत्र के शिवाजी नगर एवं निगम क्षेत्र की अन्य भूमि पर काबिज रहकर झुग्गी झोपड़ी में निवासरत लोगों को राजीव गांधी आश्रय योजना के लंबित पटटा प्रदान करने तथा 1984 में जारी पटटा का नवीनीकरण के प्रकरणों को तैयार कर सामान्य सभा के माध्यम से शासन को भेजे जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसी प्रकार कोहका एवं कुरूद क्षेत्र के मछली पालन हेतु दिये गये तालाबों को निरस्त कर पुन: निविदा आमंत्रित किये जाने का निर्णय लिया गया है। वार्ड 65 सेक्टर 10 सडक़ 18 में अधोसंरचना मद से मंच निर्माण, वार्ड 70 हुडक़ो के पिछे वाले रोड को 14वें वित्त आयोग की स्वीकृत राशि से सी.सी. रोड निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई है।

बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, संदीप निरंकारी, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, चंद्रशेखर गंवई, मालती ठाकुर, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू, मीरा बंजारे उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट