दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 अगस्त। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री पुष्पेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में कल राजस्व एवं नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टर श्री मीणा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर जमीन से जुड़े सभी अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व वसूली, नक्शा बटंाकन, डायवर्सन की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागीय प्रकरणों के निराकरण में अपने दायित्वों का निर्वहन सर्वोच्च प्राथमिकता से करने को कहा। उन्होंने कहा कि वेतन भुगतान के लिए ऐसी व्यवस्था करें कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। सभी नगरीय निकायों में डेंगू के रोकथाम के लिए कूलर से पानी निकालने के साथ ही किसी भी स्थान पर पानी का जमाव न हो इसका विशेष ध्यान रखें और समय-समय पर कीटनाशक दवाईयों का छिडक़ाव किया जाए। मोर मकान मोर आवास योजना के अंतर्गत आवास का कार्य पूर्ण कराकर लॉट्री निकालर हितग्राहियों को आवास प्रदान किया जाए।
कलेक्टर ने नगरीय निकाय क्षेत्र अंतर्गत रोड मरम्मत की जानकारी लेते हुए कहा कि सीसी रोड़ के कार्यों को पूर्ण करते हुए अधूरे सडक़ों के कार्यो को शीघ्र पूर्ण करें। बाजारों को व्यवस्थित करने के लिए बाजार स्थल में पार्किंग व्यवस्था, शौचालय एवं सीसी टी.वी. कैमरा एवं प्रकाश की व्यवस्था प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सामुदायिक भवन सामाजिक संस्थाओं को भूमि का आबंटन हेतु प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और उनकी यथा स्थिति जानकर प्रकरणों को निराकरण करने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, भिलाई नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास, दुर्ग नगर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर व रिसाली नगर निगम आयुक्त आशीष देवांगन के साथ एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।