दुर्ग

ऑनलाईन सट्टा, चार गिरफ्तार, एक फरार
31-Jul-2023 3:50 PM
ऑनलाईन सट्टा, चार गिरफ्तार, एक फरार

लैपटाप, मोबाईल, बैंकों के एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 जुलाई। ऑनलाईन सट्टा एप्प रेड्डी अन्ना बुक नंबर 109 के विरूद्ध दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई की। थाना सुपेला क्षेत्र में विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से सट्टे के पैसे का लेने-देन किया जा रहा था।

पुलिस ने 4 आरोपियों के कब्जे से 4 लैपटाप, 4 मोबाईल, एडॉप्टर, कनेक्टर एवं विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। प्राप्त बैंक खातों एवं मोबाईल नंबरों के सूक्ष्म विश्लेषण पर और बड़े खुलासे हो सकते हैं। अन्य राज्यों में उक्त गतिविधि का संचालन करने वाले व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

तीन आरोपी- हर्ष सिंह, नवीन चौधरी एवं शिवा बिसाई पहले भी ऑनलॉइन सट्टा के मामले में अंबिकापुर से  गिरफ्तार किये जा चुके हैं। पकड़ी गई ऑनलॉइन सट्टे की ब्रांच, फरार आरोपी दीपक नेपाली का होना पाया गया।

पुलिस के अनुसार दुर्ग जिले में महादेव ऐप ऑनलाईन सट्टा एप्प द्वारा चलने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक दुर्ग शलभ सिन्हा द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) संजय ध्रुव , उप पुलिस अधीक्षक (सायबर) प्रभात कुमार , नगर पुलिस अधीक्षक (भिलाई नगर) निखिल राखेचा, उप पुलिस अधीक्षक (अपराध)  राजीव शर्मा को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया। जिसके परिपालन में टीम द्वारा महादेव आई.डी.ऐप के माध्यम से ऑनलाईन सट्टा का कारोबार करने वाले संदेहियों पर लगातार निगाह रखी जा रही थी, विशेष सूत्र भी लगाये गये थे। पूर्व में दुर्ग पुलिस द्वारा ऑनलाईन सट्टा कारोबारियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई थी।

उक्त कार्रवाई के दौरान ऑनलाईन सट्टा महादेव एप्प से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में साक्ष्य एकत्रित किया गया था। इसी क्रम में थाना सुपेला की टीम को षिवप्रसाद होटल के पीछे, होटल टाईम स्क्वायर सुपेला, में कुछ व्यक्तियों द्वारा ऑन-लाईन सट्टा रेडडी अन्ना के संचालन की सूचना प्राप्त हुई। उक्त सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक दुर्ग शलभ सिन्हा के निर्देशन में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक दुर्गेष शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम द्वारा मुताबिक सूचना के आधार पर शिवप्रसाद होटल के पीछे, होटल टाईम स्क्वायर सुपेला में ऑन लाईन सट्टा रेड्डी अन्ना बुक नंबर 109 का संचालन हर्ष सिंह एवं अन्य साथियों द्वारा करते हुए 4 आरोपियों को पकड़ा गया।

उक्त आरोपियों के कब्जे से 4  लैपटाप, 4 मोबाईल, एडॉप्टर, कनेक्टर, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक एवं दस्तावेज जप्त किया गया जो कि ऑन लाईन सट्टे के कारोबार में उपयोग में लाया जा रहा था। पूछताछ में ऑनलॉइन सट्टे की उक्त ब्रांच दीपक नेपाली का होना बताया गया है। हिरासत में लिये गये व्यक्तियों पर वैधानिक कार्यवाही थाना सुपेला से की जा रही है।

आरोपियों में हर्ष सिंह (21 वर्ष) कैम्प 1 शास्त्रीचौक भिलाई, अमन सिंह (21 वर्ष) जोन-2 क्वा.नं 15एफ खुर्सीपार भिलाई, नवीन चौधरी (20 वर्ष) केम्प 1 शास्त्रीनगर भिलाई,  शिवा बिसाई (22) बालाजीनगर जोन-03 खुर्सीपार भिलाई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, वहीं दीपक नेपाली (32) कैम्प 1 संग्राम चौक भिलाई फरार है।


अन्य पोस्ट