दुर्ग

संविदा कर्मियों की मांग शीघ्र पूरी करें राज्य सरकार-ताम्रकार
28-Jul-2023 7:52 PM
संविदा कर्मियों की मांग शीघ्र पूरी करें राज्य सरकार-ताम्रकार

धमधा, 28  जुलाई। भाजपा नेता प्रदीप ताम्रकार ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने 2018 के चुनाव के पहले संविदा कर्मियों के आंदोलन स्थल पर जाकर बोला था कि अगर हम सत्ता में आते हैं तो सभी  संविदा कर्मियों को नियमित किया जाएगा। आज इनकी वादाखिलाफी के चलते संविदा कर्मी भारी तकलीफों से गुजर रहे हैं। लगभग महीने भर से हड़ताल पर बैठे हैं।

आगे कहा कि कोरोना काल में स्वास्थ्य संविदा कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की थी, इसके कारण कई संविदा कर्मी दिवंगत हो गए और कई कर्मचारियों ने कोरोना का जबरदस्त मार झेलना पड़ा है और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार इनाम के रूप में परेशानीयां दे दी है।

संविदा कर्मियों को नियमित किया जाए, सरकार हठधर्मिता छोड़े। राजस्व की इतनी ही कमी पड़ रही है तो फिजूलखर्ची, कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर भरपाई की जा सकती है।

उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि बहानेबाजी के बजाय तत्काल संविदा कर्मियों को नियमित करें।


अन्य पोस्ट