दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जुलाई। जिले के नगरीय निकायों में बारिश के मौसम में प्रमुख सडक़ों पर पशुओं के विचरण व सडक़ दुर्घटना जैसी उत्पन्न स्थिति की रोकथाम हेतु नगरीय निकाय के अधिकारियों को कारगर पहल करने कहा गया है। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने आज नगरीय निकाय के अधिकारियों की बैठक लेकर सडक़ों से पशुओं को हटाने कार्ययोजना की निकायवार जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि नगर पालिका अहिवारा के गौठान में 199 पशु, नगर पंचायत पाटन के गौठान 187 पशु, नगर पालिका जामुल के गौठान में 70 पशु, नगर निगम भिलाई-चरोदा के गौठान 162 पशु, नगर पंचायत धमधा के गौठान 120 पशु, नगर पालिका कुम्हारी के गौठान में 217 पशु, नगर पालिका अमलेश्वर के गौठान में 290 पशु, नगर पंचायत उतई के गौठान में 292 पशु, नगर निगम भिलाई के गौठान में 818 पशु, नगर निगम दुर्ग के गौठान में 455 पशु, नगर निगम रिसाली के गौठान में 245 पशु रखे गये हैं। उक्त सभी पशु रोका-छेका अभियान के तहत गौठान तक लाये गये हैं। पशुपालकों को आवश्यक समझाईश देकर उनके पशु को गौठान से ले जाने भी दिया जा रहा है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को नगरीय निकायों में वार्डवार केम्प लगाकर पशुओं को टैग लगाने और पशुचिकित्सा विभाग द्वारा टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा हैं। पशुपालकों द्वारा खुले में पशु छोडऩे तथा दोबारा गौठान में पशु लाये जाने या सडक़ में पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत संबंधित तहसीलदार द्वारा लीगल नोटिस जारी कर भारतीय दण्ड संहिता की धारा-133 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान गौठान में निर्धारित अवधि तक पशु का संपूर्ण खर्च पशुपालक से वसूला जाएगा।
ज्ञात हो कि पशुओं के सडक़ों पर विचरण से विगत वर्ष 2021 में तीन, 2022 में दस व 2023 में अब तक छह लोगों की मृत्यु सडक़ दुर्घटना में हो चुकी है। उक्त सडक़ दुर्घटनाओं को ध्यान रखते हुए अवांरा पशुओं के सडक़ों पर नियंत्रण रखने हेतु नगरीय निकायों में कड़े कदम उठाये जा रहे हैं। बैठक में नगर निगम दुर्ग के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम रिसाली के आयुक्त आशीष देवांगन, संयुक्त कलेक्टर गोकुल रावटे एवं एच.एस. मिरी और अन्य नगरीय निकायों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।