दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जुलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना अंतर्गत बीती रात पति ने अपनी पत्नी पर चरित्र शंका के चलते घर में रखे लोटे से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। अगले दिन फिर सुबह थाने जाकर घटना की जानकारी देकर आरोपी पति ने आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका आरोपी की दूसरी पत्नी थी। फिलहाल जामुल पुलिस आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जामुल थाना प्रभारी याकुब मेमन ने बताया कि लेबर कैंप एरिया के भागवत नगर जामुल निवासी देवा साहू (42) की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी चमेली साहू (36) के साथ की थी। देवा साहू की पहली पत्नी से एक बेटा और बेटी हैं। वे दोनों अलग रहते हैं। वहीं दूसरी पत्नी चमेली से एक बेटी लाकेश्वरी (11) है। बुधवार रात लाइट न होने से सभी लोग खाना खाकर कमरे के बाहर सोये थे। लाइट आने पर पिता ने बेटी को दादी के पास सोने के लिए भेज दिया। इसके बाद देर रात उसने अपनी पत्नी के सिर में लोटे से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने सुबह-सुबह थाने में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की बेटी लाकेश्वरी 6वीं में पढ़ती है। आरोपी देवा साहू बीके कंपनी में काम करते हैं। मां चमेली साहू क्लासिक पेंट कंपनी में काम करने जाती थी। आरोपी नशे में घर आता था और मां के चरित्र पर आरोप लगाकर झगड़ा करता था। मोहल्लेवासियों के अनुसार आरोपी देवा साहू पहली पत्नी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में जल जाने से हुई थी।