दुर्ग

सतनामी समाज के मंदिर में दूसरे समुदाय का लगा झंडा
15-Jul-2023 3:00 PM
सतनामी समाज के मंदिर में दूसरे समुदाय का लगा झंडा

 सीसीटीवी में 3 आरोपी कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 15 जुलाई। दुर्ग जिले के कातुलबोर्ड स्थित सतनामी समाज के मंदिर के ऊपर दूसरे समुदाय का झंडा लगा देने के मामले में जमकर हंगामा मचा है। पुलिस ने क्षेत्र में शांति कायम रखने की अपील करते हुए आरोपियों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मंदिर के भीतर से तीन अज्ञात शख्स रात में बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। मोहन नगर पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।  मोहन नगर थाना प्रभारी विपिन रंगारी के मुताबिक 12 जुलाई की देर रात कुछ युवक मंदिर में दाखिल होकर ऊपर चढ़े और वहां झंडा लगाकर भाग गए हैं। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। फुटेज में युवक काफी दूर से दिखाई दे रहे हैं, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। पहचान होने के बाद मामला दर्ज कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक घटना 12-13 जुलाई की देर रात लगभग 1 बजे की है। अगले दिन सतनामी समाज के लोगों ने आरोपियों पर कार्रवाई के लिए आवेदन भी दिया है। मोहन नगर थाना प्रभारी के मुताबिक उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार कुछ संदिग्धों की पहचान की है। थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है फिलहाल अपराध पंजीबद्ध नहीं किया गया है।


अन्य पोस्ट