दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 जुलाई। हेमचंद यादव विवि दुर्ग से सम्बद्ध निजी महाविद्यालय समाधान कॉलेज, बेमेतरा को नैक मूल्यांकन के पश्चात् 3.04 सीजीपीए अंकों के साथ ए ग्रेड प्राप्त हुआ है। निजी महाविद्यालयों में नैक मूल्यांकन के प्रथम चक्र में ए ग्रेड प्राप्त करने वाला यह संभवत: प्रथम महाविद्यालय है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व हेमचंद यादव विवि, दुर्ग से सम्बद्ध शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग को नैक मूल्यांकन के पश्चात् ए़ ग्रेड प्राप्त हुआ था। इसी के साथ-साथ दो निजी महाविद्यालयों श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी भिलाई एवं सेंट थॉमस कॉलेज, भिलाई को ए ग्रेड प्राप्त हुआ था। यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि हेमचंद यादव विवि, दुर्ग में ए ग्रेड प्राप्त करने वाले महाविद्यालयों की संख्या 03 हो गई है।
विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने समाधान महाविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में स्थित होने के बावजूद महाविद्यालय द्वारा किए गए मूल्य षिक्षा आधारित गतिविधियां तथा पाठ्यत्तर गतिविधियां के आधार पर समाधान महाविद्यालय को ए ग्रेड प्राप्त करने में सहायता हुई है। अन्य महाविद्यालयों को भी समाधान महाविद्यालय तथा अन्य ए ग्रेड प्राप्त महाविद्यालयों का भौतिक रूप से भ्रमण कर उनके द्वारा अपनायी गई उल्लेखनीय गतिविधियों का अनुशरण करना चाहिए।
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग के अंतर्गत आने वाले 09 महाविद्यालयों को बी डबल प्लस ग्रेड भी प्राप्त हुआ है। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि विवि से सम्बद्ध महाविद्यालयों की नैक में उच्च ग्रेडिंग प्राप्त करने का प्रमुख कारण विवि प्रशासन एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा दिया जाने वाला निरंतर मार्गदर्शन तथा प्रशिक्षण है। समाधान महाविद्यालय प्रबंधन एवं समस्त महाविद्यालय परिवार ने आज विवि में कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा से भेंट कर उन्हें ए ग्रेड प्राप्त होने संबंधी जानकारी दी।