दुर्ग

अखिल भारतीय श्रेष्ठा परीक्षा में सेजेस जजंगिरी की 3 छात्राओं का चयन
14-Jul-2023 2:42 PM
अखिल भारतीय श्रेष्ठा परीक्षा में सेजेस जजंगिरी की 3 छात्राओं का चयन

ज्योति बंजारे 264 अंकों के साथ देश में 81वें स्थान पर 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 14 जुलाई।
सेजेज जंजगिरी की 3 छात्राओं का चयन अखिल भारतीय श्रेष्ठा परीक्षा में हुआ है। जंजगिरी में कार्यरत गणित की शिक्षिका अंजना सिंग जो कि इन बच्चों की मेंटॉर शिक्षिका भी हैं के मुताबिक, श्रेष्ठा एक ऐसी परीक्षा है जिसमें चयनित अनुसूचित जाती के छात्र छात्राएँ भारत के अत्याधुनिक चुनिंदा आवासीय स्कूलों में मुफ्त में अपनी 9 वी से 12 वी तक की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। 

श्रेष्ठा परीक्षा इस वर्ष 18 जून 2023 को संम्पन्न हुई। इसकी तैयारी ग्रीष्म कालीन अवकाश में ही उन्होंने सम्पन्न करायी। इसके लिए उन्होंने विशेष तरह की कार्ययोजना बनायी थी चूंकि सिफऱ् 1 महीने के कम समय में ही इसकी तैयारी करानी थी प्रत्येक दिन 7-8 घंटों की क्लास ली गई। 

गौरतलब है कि इसमें सिर्फ अनुसूचित जाती के विद्यार्थी ही भाग ले सकते हैं। आज सेजेज जंजगिरी को शत प्रतिशत सफलता प्राप्त हुई है। इस विद्यालय के तीनों विद्यार्थियों का चयन हुआ है। प्राचार्या मिनी गोपीनाथन ने तीनों बच्चों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि बच्चों ने स्कूल ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश को गौरान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह अभी पहली सीढ़ी है भविष्य में उन्हें बहुत आगे जाना है। उन्होंने शाला परिवार की ओर से सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दी। 

स्कूल आ पढ़ें बर , जिंदगी ल गढ़े बर उक्ति को चरितार्थ करता हुआ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जंजगिरी लगातार आगे बढ़ रहा है।  वहाँ कार्यरत शिक्षिका अंजना सिंग ने बताया कि विद्यालय की तीन छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा अखिल भारतीय श्रेस्था प्रवेश परीक्षा में बहुत ही उम्दा अंकों के साथ अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। विद्यालय की ज्योति बंजारे ने सम्पूर्ण भारत में 264 अंकों के साथ 81 वाँ स्थान प्राप्त किया है। एकता बंजारे ने 208 अंकों के साथ 474 स्थान प्राप्त किया है, वहीं पल्लवी गेंद्रे ने 130 अंक प्राप्त करके 2500 वाँ स्थान प्राप्त किया है। 

सभी के जीवन में शिक्षा के साथ साथ प्रतियोगिता अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा एवं प्रतियोगिता विद्यार्थियों को सभ्य इंसान बनाने के साथ समाज के उन्नति में भी अपना अमूल्य योगदान देती है। इसी उक्ति को यथार्थ में परिवर्तित करने के लिए साथ ही निरंतर आगे बढऩे के लिए भारत सरकार ने श्रेष्ठा योजना के माध्यम से भारत के उच्च सुविधा युक्त स्कूलों में चयनित बच्चों को मुफ्त पढ़ाई की सुविधा देने की घोषणा की है।

सत्र 2023 -2024 के लिये इन तीन छात्राओं का चयन हुआ है। मिडल विंग की प्रधान पाठिका अंजना रॉय ने भी सभी चयनित बच्चों को बधाई दी। इसके लिए विशेष रूप से एसएमडीसी अध्यक्ष रूप राम साहू उपाध्यक्ष तीरथ राम देवांगन एवं समस्थ पदाधिकारियों के साथ एल्डरमेन अशोक साहू ने भी शुभकामनाएँ दी है। 
संस्था की प्राचार्या तृप्ति सिंग एवं समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने बच्चों को इसी तरह पढ़ाई में कड़ी मेहनत करने व सफल होने की शुभ कामनाएं दी हैं।
 


अन्य पोस्ट