दुर्ग
शाम तक नहीं मिले, कल सुबह से फिर होगी तलाश
दुर्ग जिला के अंडा निवासी हैं युवक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई। दुर्ग जिले में तांदुला स्टॉप डैम में बाइक धोने के दौरान दो युवक बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम का रेस्क्यू पिछले तीन घंटे से जारी रहा, पर गहरे पानी में बहे लडक़ों या बाइक का पता नहीं चल पाया है। अंधेरा होने के कारण टीम अब कल सुबह से फिर प्रयास करेगी।
दुर्ग जिले के अंडा क्षेत्र निवासी यज्ञेश चंद्राकर ने बताया कि नदी में बहे युवक का नाम चुम्मन ठाकुर पिता सनत ठाकुर (29 वर्ष) और शिवम पिता विक्की सोनी (19 वर्ष) है। दोनों अंडा के ही रहने वाले हैं। चुम्मन, शिवम और उसके चार अन्य दोस्त अंडा से कुछ दूर विनायकपुर के पास तांदुला स्टॉप डैम की तरफ गए थे। चुम्मन ने अपनी बाइक को धोने के लिए स्टॉप डैम पर चढ़ाया।
आज दोपहर तीन बजे शिवम और चुम्मन बाइक धो ही रहे थे कि अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों बाइक के साथ नदी के तेज बहाव में चले गए। उनके दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन दोनों का कहीं पता नहीं चला। आसपास मौजूद लोगों ने अंडा पुलिस को सूचना दी, तब पुलिस ने एसडीआरएफ दुर्ग की टीम को बुलाया।
एसडीआरएफ टीम आमटी स्टॉप डैम पहुंची। नदी के तेज बहाव में ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर दोनों युवकों को खोजा गया, लेकिन तीन घंटे तक न तो बाइक का पता चला है न दोनों युवकों का। सर्चिंग अभियान अंधेरा होने के बाद रोक दिया गया। अगले दिन सुबह से फिर सर्चिंग शुरू की जाएगी।