दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 जुलाई। मंगलवार को आयुक्त कार्यालय, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा दुर्ग संभाग के सभी शासकीय महाविद्यालयों का बैठक शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के टैगोर हॉल में आयोजित किया गया। बैठक में दुर्ग संभाग के सभी शासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा आयुक्त कार्यालय से अपर संचालक डॉ. एच.पी. खैरवार, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, डॉ. जी.ए. धनश्याम तथा क्षेत्रीय अपर संचालक डॉ. सुशील चन्द्र तिवारी उपस्थित रहें।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालयों में 11 बिंदु पर आधारित एजेण्डा था, जिसमें -महाविद्यालय में प्रवेश की स्थिति, परीक्षा परिणाम का विश्लेषण, लंबित पेंषन प्रकरण की जानकारी, महाविद्यालय के रिकार्ड एवं लेखा संधारण की स्थिति, महाविद्यालय द्वारा गुणवत्ता उन्नयन हेतु की जा रहे प्रयासों की स्थिति , भौतिक सत्यापन की स्थिति, नैक मूल्यांकन की स्थिति, जन भागीदारी समिति के गठन की स्थिति, वृक्षारोपण से संबंधित जानकारी, स्वच्छता से संबंधित जानकारी, तंबाकू मुक्त परिसर की स्थिति प्रस्तुत किया गया
सर्वप्रथम दुर्ग जिले के अग्रणी महाविद्यालय की स्थिति की जानकारी शास. विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य डॉ. आर.एन. सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा सभी महाविद्यालय के प्राचार्यो समस्याओं की सुनवाई एवं उनका निराकरण किया।
जिन महाविद्यालयों में प्रवेष कम था उसे सुनिश्चित करने, जहां जनभागीदारी समिति का गठन नही हुआ था, वहां शीघ्र ही गठन करने, जहां सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पेंशन प्रकरण लंबित था उसका शीघ्र निदान हेतु मार्गप्रशस्त किया गया। अनेक महाविद्यालयों में तृतीय एवं चतुर्थ कर्मचारियों की कमी को शीघ्र ही उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निदान करने का आश्वासन दिया गया। कुछ महाविद्यालय में नैक की पात्रता प्राप्त करते ही नैक मूल्यांकन कराने का भी निर्देश दिया गया। डॉ. खैरवार, डॉ. धनश्याम तथा डॉ. तिवारी द्वारा सभी महाविद्यालयों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का निर्देश दिया गया।
एनआईआरएफ में छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों का पंजीयन हेतु विभिन्न आवश्यकताओं तथा मापदण्डों का विस्तृत जानकारी डॉ. अनिल श्रीवास्तव द्वारा दिया गया तथा उच्च शिक्षा के अधिकारियों द्वारा नैक के तर्ज पर एनआईआरएफ में आवेदन करने हेतु निर्देशित किया गया। विदित हो कि छत्तीसगढ़ राज्य देश में नैक मूल्यांकन में प्रथम है, परंतु एनआईआरएफ में काफी पिछड़ा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे तथा सभी महाविद्यालय को तंबाकू मुक्त बनाने हेतु कदम उठाने हेतु विशेष व्याख्यान दिया गया तथा उच्चशिक्षा के अधिकारियों में प्राचार्यों को निर्देष दिया कि सभी महाविद्यालय को तंबाकू मुक्त क्षेत्र बनाना सुनिष्चित करें। डॉ. सुशील चन्द्र तिवारी ने अंत में सभी प्राचार्यों तथा उच्चशिक्षा के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।