दुर्ग
चोरी के रूपयों से खरीदा मोबाईल और ब्रांडेड कपड़े-जूते
शान-शौकत के लिए करते थे चोरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई। सुपेला निवासी पंकज अग्रवाल की वेंटकेश्वर टॉकिज के पीछे गणेश मार्केट स्थित प्लास्टिक की दुकान के शटर का सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात ताला तोड़ भीतर रखे 70 हजार रूपये उड़ाने वाले 3 नाबालिग लडक़ों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सुपेला थाना में 11 जुलाई की सुबह पंकज अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि सुबह आकर देखा तो दुकान की शटर का ताला टूटा हुआ था एवं गल्ले में रखा नगदी रकम करीब 70,000 रूपये किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना सुपेला में चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
सीएसपी निखिल राखेचा के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों में शत-प्रतिशत बरामदगी हेतु संपत्ति संबंधी अपराध में त्वरित निराकरण के निर्देश पर टीम ने दुकान के आस-पास के लोगों से पूछताछ कर सीसीटीवी कैमरे खंगाला और हुलिया के आधार पर संदेहियों को उठा कर पूछताछ की गई।
विधि से संघर्षरत बालक पहले तो ना नुकुर करते रहे, किन्तु अंतत: अपना जुर्म स्वीकारते हुए चोरी की गई नगदी रकम को बंटवारा करना एवं उसी रूपये से मोबाइल, घड़ी, जूते आदि खरीदी कर कुछ पैसे खर्च करना बताया। विधि से संघर्षरत बालकों से 34,000 रूपये नगदी व अन्य सामाग्री जब्त किया गया है। विधि से संघर्षरत बालकों को विधिवत परिरुद्ध कर न्यायालय भेजा गया। ये नाबालिग गिरोह पूर्व में भी कई बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, जिसके लिए पूछताछ की जा रही है।