दुर्ग
रायपुर की एक महिला और दो युवक गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 जुलाई। दुर्ग जिला में एक वर्ष पहले चोरी करने वाली रायपुर की महिला और दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पिछले वर्ष अगस्त महीने में दुर्ग के सुभाष नगर स्थित आवास के फैमिली फंक्शन में शिरकत की और नजर बचा गहने और नगद पर हाथ साफ कर दिया था।
लगभग साढ़े 3 लाख की इस चोरी की घटना को पहले पारिवारिक लोगों ने सुलझाने का प्रयास किया और जब बात नहीं बनी तो एक साल बाद थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस टीम ने ग्यारह दिन के भीतर मामले की गुत्थी सुलझाते हुए 3 लोगों को गिरफ्तार कर चोरी हुए गहने और नगदी बरामद कर लिया है।
पद्मनाभपुर थाना प्रभारी आईपीएस उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह चोरी की वारदात एक साल पूर्व हुई थी और इस माह एक जुलाई को प्रार्थी छोटेलाल नागरे (61 वर्ष) निवासी सुभाष नगर ने दुर्ग थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 31 अगस्त 2022 को उसके मकान के अंदर बेडरूम में रखे स्टील की छोटी पेटी जिसके अंदर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम सहित लगभग साढ़े तीन लाख की चोरी एक फैमिली फंक्शन में हो गई थी।
रिश्तेदारों की वजह से पहले उन लोगों ने इंतजार किया कि शायद चोरी करने वाले लोग जेवर और कैश लौटा दें, पर ऐसा हुआ नहीं। रिपोर्ट पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पीडि़त के रिश्तेदार उषा नेताम (53 वर्ष), नवीन कुमार (36 वर्ष), नितिन कुमार (36 वर्ष) निवासी पण्डरी रायपुर को तलब कर पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किए तथा चोरी गए मशरूका सोने चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम 3 लाख रूपये जब्त करवाया। आरोपीयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।