दुर्ग
कार से रेकी कर बाकायदा चोरी के समय पायलेटिंग भी की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 जुलाई। दुर्ग जिले के थाना खुर्सीपार क्षेत्र में आरोपियों ने हाईवा चोरी कर उसे गैस कटर से काट कबाड़ी को बेच दिया था। रविवार को दुर्ग पुलिस ने इस मामले में कबाड़ी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कार से रेकी कर पायलेटिंग करते हुए हाईवा चोरी की थी और चोरी के ट्रक को गैस कटर से काटकर चंद घंटों में कबाड़ में तब्दील कर दिया। आरोपियों के कब्जे से हाईवा ट्रक का कटा पार्टस, इंजन, टायर, नंबर प्लेट, डाला, गैस कटर, गैस सिलेंडर, नकदी रकम 1 लाख 25 हजार एवं घटना में प्रयुक्त कार पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी आयुष कुमार पाण्डेय (30 वर्ष) मैत्री नगर रिसाली, आबिद अंसारी (33 वर्ष) पदमनाभपुर दुर्ग, मोहम्मद अहमद (40 वर्ष)सेलूद थाना उतई जिला दुर्गं, मो. साकिर (38 वर्ष) दुर्ग, शिव बच्चा तिवारी (55 वर्ष) रायपुर हैं।
पुलिस ने बताया कि ड्राइवर अवध बंजारे (45 वर्ष) निवासी गुरु घासीदास नगर खुर्सीपार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वाहन मालिक अनिल पाण्डेय खुर्सीपार का वाहन हाईवा ट्रक सीजी 12 सी 2255 को 24 जून की दोपहर 3 बजे खाली कर हाईवा ट्रक आफताब गैरेज के पास डबरापारा चौक खुर्सीपार में खड़ी कर वह अपने घर खुर्सीपार चला गया।
25 जून की सुबह 9.30 बजे आफताब गैरेज के पास आया और देखा कि वह हाईवा जहां रखा था, वह वहां खड़ी नहीं है। हाईवा ट्रक के मालिक अनिल पाण्डे यूपी गये हुए थे, उन्हे मोबाईल फोन से घटना के बारे में बताया। ट्रक को आस-पास बहुत तलाश किया उसका पता नहीं चला। कोई अज्ञात चोर द्वारा खाली हाईवा ट्रक सीजी 12 सौ 2255 को चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट 2 जुलाई को दर्ज की गयी थी।
एसपी शलभ सिन्हा ने संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी कर माल बरामदगी हेतु निर्देश दिए थे। टीम द्वारा सूचना प्राप्ति के तत्काल बाद घटनास्थल डबरापारा चौक खुर्सीपार पहुंच कर घटना स्थल का अवलोकन कर घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों व मुखबिरों की सूचना पर एक सफेद कार क्रमांक सीजी 15 सीयू 1110 को चोरी हुई हाईवा के आस पास चक्कर मारते देखा।
सीसीटीवी कैमरे का सूक्ष्मता से अवलोकन करने पर पता चला कि ट्रक चोर गिरोह होण्डा कार से चोरी गई हाइवा की रेकी कर मौका मिलते ही मास्टर चाबी से हाईवा को चालू कर कार के पीछे पीछे हाईवा ट्रक को रायपुर की ओर पायलेटिंग करते हुए ले जाया गया है। आरोपी टोल प्लाजा से बचते हुए परसदा रेल्वे फाटक से खारून नदी की छोटी पुलिया से होते हुए रायपुर खमतराई की ओर गए हैं। इन रास्तों पर क्रमश: सीसीटीवी कैमरों को चेक करते हुए व लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की सहायता से हीरापुर रायपुर कबाड़ी के गोदाम तक पहुंचा गया और कबाड़ी शिव बच्चा तिवारी को पकड़ कर पूछताछ करने पर अपने गिरोह के सदस्यों आयुष कुमार पाण्डेय, आबिद अंसारी, मो अहमद, मो साकिर के बारे मे बताया व चोरी गई हाईवा ट्रक के कटे पाटर्स, इंजन, टायर, नंवर प्लेट, डाला एवं नगदी रकम 1.25 हजार बरामद करवाया।
गिरोह के अन्य आरोपियों को भी चंद घंटों में गिरफ्तार किया गया। अरोपियों से पूछताछ व अग्रिम कार्रवाई थाना खुर्सीपार से की जा रही है।