दुर्ग
साहित्यकार डॉ. दीनदयाल दिल्लीवार को चिन्हारी सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई, 10 जुलाई। रविवार को छत्तीसगढ़ चिन्हारी साहित्य समिति भिलाई द्वारा वर्ष 2023 का चिन्हारी सम्मान शिक्षाविद एवं साहित्यकार डॉ. दीनदयाल दिल्लीवार को दिया गया। वे अंचल के सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. तेजराम दिल्लीवार के ज्येष्ठ पुत्र हैं।
छत्तीसगढिय़ा की प्रतीक धोती और पगड़ी, अहिंसा के प्रतीक गाँधीजी और उनका चरखा, सुख- दु:ख के प्रतीक सुवा, सुनहरे धान की बालियां, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान निधि के रूप में ग्यारह हजार रूपये समिति द्वारा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की कुलपति पद्मश्री डॉ. ममता चंद्राकर ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि दु:ख होता है कि हम अपने छत्तीसगढ़ की कला एवं संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। इन्हें सहेजकर रखने की आवश्यकता है। चिन्हारी साहित्य समिति यह आयोजन पूरी तरह छत्तीसगढ़ी परम्परा एवं संस्कृति का निर्वहन करते हुए कर रही है। इस आयोजन को देखकर एक सुखद अनुभूति हो रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव डॉ. भूपेंद्र कुलदीप ने कहा कि आज के इस दौर में छत्तीसगढ़ अंचल में छत्तीसगढ़ी भाषा में साहित्य की प्रत्येक विधा का सृजन हो रहा है। फिर भी आने वाले भविष्य में ऐसे साहित्यिक रचना की आवश्यकता है जो साहित्य जगत में छत्तीसगढ़ी भाषा को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर सके और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह दिन भी जरूर आएगा ज़ब छत्तीसगढ़ी भाषा राष्ट्रीय स्तर पर अपना स्थान बनाने में कामयाब होगी।
विशेष अतिथि संसदीय सचिव एवं विधायक गुंडरदेही कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपनी छत्तीसगढ़ी भाषा को अधिक से अधिक प्रचारित-प्रसारित करें। इसके लिए छत्तीसगढ़ी भाषा में एमए की कक्षाएं प्रारम्भ करवाने एवं इनके विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।
वक्ता के रूप मे डॉ. राजेश श्रीवास, अधिष्ठाता, अध्ययन मण्डल हिंदी, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर ने चिन्हारी समिति के संयोजक दुर्गाप्रसाद पारकर द्वारा रचित छत्तीसगढ़ी उपन्यास ‘बहू हाथ के पानी’ पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपन्यास छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक बेहतरीन उपन्यास है।
डॉ. मृदुला सिंह, अधिष्ठाता, हिंदी अध्ययन मण्डल, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा ने छत्तीसगढ़ी नाटकों पर चर्चा करते हुए दुर्गा प्रसाद पारकर के नाट्य संग्रह ‘सुराजी गांव’ के सन्दर्भ में अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि संग्रह में ‘सुराजी गांव’ शीर्षक के ठीक नीचे छत्तीसगढ़ के चार चिन्हारी - नरवा, गरवा, घुरुवा औऱ बारी लिखा है, जो शीर्षक को बखूबी स्पष्ट करने में सहायक है।
डॉ. डीएस ठाकुर, अधिष्ठाता, हिंदी अध्ययन मण्डल, अटलबिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर ने पारकर की नई कविता ‘सिधवा झन समझव’ तथा कविता संग्रह ‘सुमिरव छत्तीसगढ़’ पर अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि पारकर ने हिंदी की नई कविता के तजऱ् पर छत्तीसगढ़ी भाषा मे ‘सिधवा झन समझव’ जैसा कविता संग्रह देकर एक अभिनव पहल किया है।
विशेष अतिथ डॉ. विद्या चंद्राकर, अध्यक्ष, राज्य शैक्षिक अनुसन्धान परिषद, रायपुर ने दुर्गा प्रसाद पारकर के निबंध संग्रह ‘चिन्हारी’ औऱ लोक आस्था के पर्व - ‘जोत जंवारा’ पर अपना मत प्रकट किया। ‘जोत जंवारा’ छत्तीसगढ़ की धार्मिक आस्थाओं को प्रकट करने वाला एक विशेष संग्रह है एवं रोचक भी है।
विशेष अतिथि डॉ. अभिनेश सुराना, अधिष्ठाता, हिंदी अध्ययन मण्डल, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग ने दुर्गा प्रसाद पारकर का छत्तीसगढ़ी साहित्य में अवदान पर अपने विचार प्रकट किए।
वक्ता के रूप मे छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार डुमन लाल ध्रुव, जनसम्पर्क अधिकारी, जिला पंचायत, धमतरी ने पारकर जी की हिंदी से छत्तीसगढ़ी भाषा मे अनुदित कृतियों, जिनमें कथा सम्राट प्रेमचंद की प्रतिज्ञा, निर्मला तथा प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई जी के हिंदी व्यंग्य संग्रह का छत्तीसगढ़ी अनुवाद ‘सुदामा के चाउंर’ प्रमुख है, पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी साहित्य के अतिरिक्त पारकर जी की अनुवाद कला मे भी गहरी पैठ है.
कार्यक्रम में दुर्गा प्रसाद पारकर के नए छत्तीसगढ़ी व्यंग्य संग्रह ‘राजा के विकास यात्रा’ प्रेमचंद कृत ‘प्रतिज्ञा’ उपन्यास का छत्तीशढ़ी अनुवाद तथा पारकर जी कृत छत्तीसगढ़ी उपन्यास ‘बहू हाथ के पानी’ का शैलेन्द्र पारकर द्वारा ‘सरला’ शीर्षक के नाम से किया गया हिंदी अनुवाद का विमोचन आयोजन मे उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्रसिद्ध लोकगायिका रजनी रजक ने राज्य गीत प्रस्तुत किया। सुप्रसिद्ध लोकगायिका पूनम विराट की लोक गीतों की प्रस्तुति ने आयोजन को एक सूत्र में पिरो दिया। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि एवं गायक सीताराम साहू ‘श्याम’ ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मंच संचालन किया। डॉ. हंसा शुक्ला, प्राचार्य, स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय ने आभार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम मे विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, गणमान्य नागरिक गण, शोधार्थी तथा विभिन्न महाविद्यालयों से आए विद्यार्थी शामिल हुए।
ज्ञात हो कि इस वर्ष चिन्हारी सम्मान से विभूषित शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. दीनदयाल दिल्लीवार वर्तमान में सहायक प्राध्यापक, हिंदी के पद पर शासकीय नवीन महाविद्यालय बेलौदी, बालोद में पदस्थ हैं। उनके द्वारा रचित कहानी, कविता, व्यंग्य, लघुकथा, समीक्षात्मक लेख-आलेख प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी है। अभी तक इनकी 75 रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं।
