दुर्ग

बजरंग दल के दो गुटों में भिड़ंत, पुलिस समझाइश के बाद मामला शांत
05-Jul-2023 4:09 PM
बजरंग दल के दो गुटों में भिड़ंत, पुलिस समझाइश के बाद मामला शांत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जुलाई।
बजरंग दल के दो गुटों में मंगलवार की दोपहर को आपस में अंजोरा चौकी परिसर में ही भिड़ंत हो गई। पुलिस ने एक कट्टा भी जब्त किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है। मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है। 

बजरंग दल के ही एक गुट ने बजरंग दल के राकेश लोचन तिवारी पर वसूली का आरोप लगाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार रतन यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता राकेश लोचन तिवारी की शिकायत करने अंजोरा चौकी जा रहे थे। 

इसी दौरान बजरंग के राकेश लोचन तिवारी भी अपने दल बल के साथ पहुंच गया। इसी दौरान दो गुटों में भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया और आपस में विवाद होने लगा। कुछ पत्थरबाजी भी हुई। गाली गलौज की गई। पुलगांव थाना प्रभारी प्रदीप सोरी ने बताया कि रवि निगम नामक युवक ने रिवाल्वर निकालकर दूसरे गुट के ऊपर चलाने की कोशिश की। उन्होंने रवि निगम से रिवाल्वर छीना और जब्ती बनाई है। बजरंग दल के राकेश तिवारी पर वसूली का आरोप लगा पुलिस ने राकेश तिवारी को चौकी के अंदर बैठाया। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रही। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार मामला करीब डेढ़ साल पुराना है। बताया जाता है कि डेढ़ साल पहले अंजोरा चौकी परिसर के सामने एक गुपचुप बेचने वाले के पुत्र के साथ कोई घटना घट गई थी उसे मामले को रफा दफा करने के लिए राकेश तिवारी ने 40000 रुपए लिए थे और कुछ पुलिसकर्मियों से मामले को रफा दफा करने के लिए बात की थी। पीडि़त परिवार द्वारा जब पैसा देने के बाद भी राहत नहीं मिली तब वह इसकी शिकायत लेकर रतन यादव के पास पहुंचे। 

इस शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए एवं इस लेन देन मे राकेश तिवारी की गलती मानते हुए इसका ज्ञापन देने रतन यादव का गुट अंजोरा चौकी पहुंचा हुआ था। वहीं राकेश लोचन तिवारी भी अपने दल बल के साथ पहुंच गया था। चौकी परिसर में ही सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई और आपस में ही हंगामा होने लगा। बजरंग दल के दोनों गुट आमने सामने हो गए। एक गुट के एक व्यक्ति ने कट्टा निकाल लिया। वहीं कई लोग डंडा लेकर मारपीट पर उतारू थे। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। 

बजरंग दल के जिला प्रमुख रतन यादव ने बताया कि कई दिनों से राकेश तिवारी की शिकायतें मिल रही थी कि वह कई लोगों से पैसे का लेन-देन कर रहा है। इससे पार्टी की छवि भी धूमिल हो रही थी। गरीब व्यक्ति से 40000 रुपए लेने का मामला सामने आने पर प्रार्थी का बयान दुर्ग पुलिस अधीक्षक के समक्ष दिलवाया गया। 

रतन यादव ने कहा कि संगठन के आड़ में वसूली की जा रही थी, इससे पूरा संगठन बदनाम हो रहा था। जब उनके पास प्रार्थी शिकायत लेकर आया तब उन्होंने खाने में आवेदन देने की बात कही थी। राकेश तिवारी के खिलाफ यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट