दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जुलाई। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की समय-सीमा बैठक में जिले के नगरीय निकायों में बनाए जाने वाले अर्बन इंडस्ट्रियल पार्क और जिले में सुपोषण अभियान के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने नगरीय निकायवार यूआईपीए के लिए स्थान चयन, अधोसंरचना विकास एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि यूपा अंतर्गत तैयार डीपीआर अनुसार नगर पालिक निगम भिलाई में यूआईपीए के लिए वार्ड 6 प्रियदर्शिनी पूर्व सुपेला का चयन किया गया है। चयनित स्थल का क्षेत्र 2.3 एकड़ है। नगर निगम दुर्ग अंतर्गत वार्ड क्रं. 55 पुलगॉव गोठान के पास 4.38 एकड़ स्थल चिन्हांकित किया गया है। नगर निगम भिलाई-चरौदा अंतर्गत गनियारी एवं जरवाय गोठान के समीप 5 एकड़ स्थल चयनित किया गया है।
उक्त स्थल पर अधोसंरचना विकास हेतु निविदा आमंत्रण की कार्यवाही प्रगति पर है। अन्य निकायों में भी स्थल चयन प्रगति पर है। नगरीय क्षेत्रों की यूपीआई अंतर्गत टाइल्स एवं पेवर ब्लॉक, गोबर पेंट, पूजा सामाग्री निर्माण एवं पैकेजिंग श्रम स्मॉल गारमेन्ट, नर्सरी प्लान्ट, मछली एवं पोल्ट्री फार्मिंग, प्रकाशन एवं प्रिंटिंग, पैरा कूट्टी, पशु आहार निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट रिसाईकिलिंग प्रोडक्ट, आर.ओ. वाटर प्रोडक्शन यूनिट, एल.ई.डी. एसेम्बलिंग यूनिट, फेंसिंग पोल इत्यादि गतिविधियां संचालित की जाएगी। साथ ही इन गतिविधियों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि यूपीआई के विभिन्न गतिविधियों के अनुमानित लागत के अनुरूप कार्य शीघ्र प्रारंभ कराई जाए।
कलेक्टर ने जिले में अति गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए सुपोषण अभियान की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।