दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जुलाई। मंगल साधना केन्द्र मंगलम में गुरु पुर्णिमा छत्तीसगढ़ प्रवर्तक पूज्य श्री रतन मुनि जी म.सा.के सुशिष्य उप प्रवर्तक पूज्य सतीश मुनि जी म.सा.मधुर गायक पूज्य शुक्ल मुनि जी म.सा. स्वाध्यायी तपस्वी पूज्य रमण मुनि जी म.सा. विद्याभिलाषी पूज्य श्री आदित्य मुनि जी म.सा.के सानिध्य में मनाई गई।
इस सुअवसर पर पूज्य उप प्रवर्तक सतीश मुनि जी म.सा.ने गुरु का महत्व बतलाते हुए कहा व्यक्ति के जीवन में जो उदंडता रहती है, उसे सदाचार सदविचार मृदुभाषा से जोडक़र उत्साह आनंद आदि से समृद्ध बनाने वाले गुरु होते हैं। जो ज्ञान ,से गुणों से, तप त्याग आदि से अपने सहवास में आने वालों को स्वयं के समान बनाने का कार्य करते हुए जीवन निर्माण कर उन्हें योग्य बनाते हैं वही गुरु होते हैं। गुरु ही आत्म उत्थान के मार्ग पर रुचि बढ़ाते हैं जिससे वह सदमार्ग की और आगे बढ़ते हैं।
गुरु का कार्य देव और धर्म के मध्य की कड़ी का होता है अर्थात देव और धर्म को जोडऩे का कार्य करते हैं। संसार रूपी सागर से पार उतरने का राह हमें गुरु के अलावा कोई नहीं बता सकता। जीवन में सुसंस्कारों का निर्माण करने वाले गुरु होते हैं इस कारण गुरु को ब्रम्हा कहा गया है। सदाचार विचार व्यवहार सदगुण आदि की परिणीती को संभालकर रखने पालन करने का कार्य गुरु करते हैं। इसलिए गुरु विष्णु हैं। दुर्गुण अवगुण अज्ञान कुविचार कुमती आदि के कारण जीवन का पतन होने से बचने के लिए गुरु इन तत्वों का ह्रास करते हैं।
इसलिए गुरु महेश्वर भी हैं। गुरु को भगवान से भी बड़ा कहा गया हैं। गुरु से ही भगवान की पहचान होती हैं। जीवन के सच्चे शिल्पकार,ऊंचाई के पथ पर ले जाने वाले गुरु ही होते हैं। भगवान रुठ जाए तो उन्हें मनाया जा सकता हैं परंतु गुरु रुठ गये तो मनाया नहीं जा सकता। गुरु के उपकारों का कोई मोल नहीं होता वह अनमोल होता हैं। जिसका ऋण चुकाया नहीं जा सकता। द्रोणाचार्य और शिष्य एकलव्य का वृतांत सुनाकर गुरु और शिष्य का महत्व बताया गुरु के मांगने पर जिस तरह एकलव्य ने अपना अंगुठा गुरु चरणों में अर्पण कर दिया। वह गुरु के प्रति सच्ची आस्था एवं समर्पण हैं। हनुमान जी की श्री राम के प्रति भक्ति संपूर्ण जीवन समर्पण कर जिस तरह सीना चीरकर सारे जग को आस्था भक्ति समर्पण का दृश्य दिखाया वह गुरु भक्ति हैं।
जो अधंकार से प्रकाश की ओर ले जाकर परमात्मा धर्म का मार्ग दिखलाकर जीवन का निर्माण करते हैं वह गुरु होते हैं। तभी तो कहा गया हैं-
गुरु गोविंद दोनों खड़े काके लागु पाय।
बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो बताया।
इस अवसर पर भिलाई तीन दुर्ग रायपुर वैशाली नगर आदि जगहों से गुरुभक्त श्रावक श्राविकाओं की उपस्थिति थे। आज गुरु भगवंतो की सेवा में दुर्ग से श्रमण संघ स्वाध्याय मंडल के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे और वहां उन्होंने दर्शन वंदन का लाभ लिया।