दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जुलाई। दोस्तों के साथ मिलकर महमरा अनिकट में नहाने गए दो युवकों की नहाने के दौरान शिवनाथ नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव को मर्चुरी ले जाया गयाए जहां पर पुलिस द्वारा पंचनामा किया गया। अंजोरा चौकी प्रभारी पवन देवांगन ने बताया कि मंगलवार की दोपहर में हर्षित भारशंकर 21 वर्ष पिता सुनील कुमार भारशंकर निवासी शांति नगर थाना सुपेला तथा सुनील साहू 20 वर्ष पिता संतोष साहू निवासी श्रीराम कॉलोनी महासमुंद अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर अंजोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत महमरा एनिकट पर नहाने गए हुए थे।
एनीकट में लबालब पानी भरा हुआ था। दोपहर लगभग 3.30 बजे सभी दोस्त नदी के किनारे में नहाने के लिए उतरे। नहाने के दौरान अचानक हर्षित का पांव स्लिप हुआ और वह गहरे पानी में गिरने लगा उसे बचाने के लिए सुनील साहू गया तो वह भी गहरे पानी में डूब गया।
इसके बाद अन्य दोस्तों ने शोर मचा कर इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी। तुरंत गोताखोर की टीम मौके पर पहुंचकर दोनों के शव को बाहर निकाले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
