दुर्ग

बाइक से गिरे युवक की मिली लाश
05-Jul-2023 3:16 PM
बाइक से गिरे युवक की मिली लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 5 जुलाई। शिवनाथ नदी में सोमवार की दोपहर को डूबे युवक की तलाश में मंगलवार की सुबह से जुटी टीम को शाम लगभग 5.30 बजे युवक का शव मिला। सोमवार दोपहर को अस्पताल से घर लौट रहा युवक नदी पार करते समय बाइक सहित बह गया था। घटना के बाद उसकी पत्नी ने शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सोमवार की शाम  तक एसडीआरएफ प्रभारी नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक युवक की तलाश की। खोजबीन में नदी में डूबी युवक की बाइक तो मिल गई, लेकिन युवक का पता नहीं चला। घटना सोमवार दोपहर की है। नगपुरा निवासी विजय मिश्रा अपने परिवार के साथ बाइक से जिला अस्पताल इलाज कराने गया था। वहां से दोपहर लगभग दो बजे वह वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में नगपुरा के कोटनी नदी का जल स्तर बढ़ गया था। इसके चलते उसने अपनी पत्नी को बाइक से उतार दिया और पैदल नदी का स्टॉप डैम पार करने के लिए बोला। विजय अपनी बाइक से धीरे-धीरे नदी पार करने लगा। इसी दौरान अचानक बाइक का पहिया फिसल गया और विजय बाइक सहित नदी के गहरे पानी में चला गया। पति को बाइक समेत नदी में गिरता देख पत्नी ने शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को आवाज दी।

लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर एसडीआरएफ और पुलिसकर्मियों की टीम ने तीन घंटे से अधिक समय तक नदी में रेस्क्यू आंपरेशन चलाया, लेकिन बाइक सवार का पता नहीं चला। सोमवार को रात होने के चलते एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू आंपरेशन को बंद कर दिया था।  मंगलवार सुबह से एसडीआरएफ टीम ने फिर से नदी में तलाशी अभियान प्रारंभ कर दी थी।

एसडीआरएफ के अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह से 14 लोगों की टीम स्कूबा की मदद से पानी के अंदर जाकर युवक की खोज की परंतु वह नहीं मिला था। शाम लगभग 5.30 बजे युवक का शव गोताखोरों को मिला। ऐसी संभावना है कि युवक का व पत्थर में नीचे कहीं फंस गया थाए परंतु खोज टीम द्वारा तेजी से बोट चलाने के बाद पानी में हुई हलचल से युवक का शव ऊपर आने लगा।


अन्य पोस्ट