दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जुलाई। 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन कवर्धा जिला पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कवर्धा जिले में आयोजित की गई।
इस प्रतियोगिता में कवर्धा जिले के द्वारा प्रथम बार छत्तीसगढ़ माटी पुत्र सम्मान का आयोजन किया गया। यह सम्मान कृष्णा साहू (अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर एवं निर्णायक) विक्रम पुरस्कार म.प्र. शासन, गुण्डाधुर पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार छत्तीसगढ़ शासन को 15 बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व एवं 15 बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में भाग लेने पर दिया गया एवं नशकर टंडन (अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टर एवं भारतीय टीम प्रशिक्षक), शहीद विनोद चौबे पुरस्कार छत्तीसगढ़ शासन को अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने पर एवं भारतीय टीम प्रशिक्षक दुबई अंतरराष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने पर दिया गया।
यह सम्मान दिनेश चंद्रवंशी (जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ), रवि राजपूत (जनपद उपाध्यक्ष सहसपुर लोहारा), डॉ. अभिषेक पल्लव (पुलिस अधीक्षक कवर्धा), अशोक सिंह (पार्षद एवं समाज सेवी कवर्धा) के हाथों खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट खिलाड़ी, विशिष्ट तथा उल्लेखनीय सेवाओं के सराहना स्वरुप यह ससम्मान प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खेल एवं नागरिक सुविधाएं भिलाई इस्पात संयंत्र, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग दुर्ग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उपरोक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी प्रिंस पीयुष टंडन ने दी।