दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जुलाई। मांझी अनुसूचित जनजाति के तहत आरक्षण हेतु मछुआरा समाज अब प्रदेश भर में आंदोलन की राह पर निकल पड़ा है। संभाग स्तरीय कार्यक्रम के तहत सोमवार को दुर्ग के कलेक्ट्रेट में छत्तीसगढ़ मछुआरा समाज (केवट मल्लाह भोई धीवर कहरा,मांझी) ने छत्तीसगढ़ मछुवारा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रदेश संयोजक सुखाऊ राम निषाद और संभाग संयोजक डॉ. घनश्याम निषाद के नेतृत्व में प्रदर्शन किया, जिसमें संभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संघर्ष मोर्चा को अब मूलवासी आदिवासी निषाद संगठन सहित दो अन्य संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया।
प्रदेश संयोजक सुखऊ राम ने बताया कि मछुआरा समाज को 1950 से ही अनुसूचित जनजाति का लाभ प्राप्त करने की पात्रता है और यह तत्कालीन शासकीय दस्तावेजों में स्पष्ट उल्लेखित है। मछुआ समाज के द्वारा संविधान में 1950 में भेजी गई अनुशंसा जिसमें माझी(केवट, मल्लाह, धीवर, भोई- कहार, कहरा) स्पष्ट लेख है के बावजूद जनजाति आरक्षण का लाभ नही प्रदान किया जा रहा है। इससे सम्बन्धित समस्त दस्तावेज राज्य की जनजाति विभाग व ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट को उपलब्ध कराने के बाद भी इस विषय पर कोई भी कार्यवाही अब तक नहीं की गई है जिसके कारण समाज के भीतर भयंकर रोष व्याप्त है। राज्य सरकार द्वारा 2023 विधानसभा सत्र में अनुसूचित जनजाति संबंधी संकल्प भी किन्ही कारणों से चर्चा में नही आ पाया और यह पारित नहीं होने के कारण पूरे मछुआरा समाज में शासन की कार्यप्रणाली पर घोर निराशा व्याप्त हो रही है।
दुर्ग संभाग के संयोजक डॉ. घनश्याम निषाद ने बताया कि प्रदेश स्तरीय बैठक में सभी संभागों में एक दिवसीय रैली के माध्यम से राज्य शासन को ज्ञापन देना तय किया गया था, इसी कड़ी में आज दुर्ग में आयोजन किया गया है। उसके पश्चात विधानसभा के मानसून सत्र से पूर्व आंदोलन करने रणनीति बनी है ताकि शासन स्तर पर आगामी मानसून सत्र में मछुआ समाज के आरक्षण संबंधित संकल्प विधानसभा में पारित किया जाए व केन्द्र सरकार को सही प्रस्ताव सुधार कर भेजा जाए।
अगला आयोजन 7 जुलाई को बिलासपुर में और 12 जुलाई को जगदलपुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन व आंदोलन कर आरक्षण हेतु राज्य शासन को जनप्रतिनिधियों सांसद विधायक कलेक्टर व कमिश्नर के माध्यम से सभी जिलों व में ज्ञापन दिया जाएगा उसके बाद भी राज्य शासन द्वारा अगर मछुआ समाज की आरक्षण संबंधी मांग को नजर अंदाज किया गया तो राज्य स्तरीय आंदोलन किया जाएगा।