दुर्ग
कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा- संगठन की आड़ में 18 साल से साध रहे निज स्वार्थ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 जुलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र एससी/एसपी इम्प्लाइज एसोसिएशन के महासचिव कोमल प्रसाद और सचिव विजय कुमार सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने अध्यक्ष सुनील रामटेके पर पिछले एक वर्ष से निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए एसोसिएशन विरूद्ध गतिविधि में शामिल होने की जानकारी दी है।
पत्रकारवार्ता में बताया गया कि सुनील रामटेके पिछले 18 वर्ष से अध्यक्ष पद पर काबिज हो लगातार केवल संगठन बाडी मनोनयन करते रहे हैं और संगठन के नाम पर निज स्वार्थ का लाभ लेते रहे हैं तथा अनेक अनैतिक, असंवैधानिक एवं जालसाजीपूर्ण कार्य उनके द्वारा किये जा रहे हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अध्यक्ष सुनील रामटेके पिछले 1 वर्ष से एसोसिएशन की मासिक बैठक से नदारद हैं। एसोसिएशन ने डॉ. अम्बेडकर की मूर्ति लगाने के लिए कार्यपालक निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन के साथ बैठक की जिसमें सेक्टर-1 में मूर्ति लगाना तय हुआ लेकिन अध्यक्ष ने ऐसा विवाद पैदा किया गया कि मूर्ति सेक्टर-1 स्थित पार्क में लगाई जाए।
सेल एससी/एसटी एम्पलाईज फेडरेशन नई दिल्ली केंद्रीय कमेटी में प्रत्येक यूनिट से दो-दो पदाधिकारियों को स्थान मिलना था। जिसमें वे खुद केन्द्रीय कमेटी के अध्यक्ष बने तथा दूसरा पदाधिकारी हमेशा से मराठी लोगों को ही नामिनेट किया जबकि दूसरा पदाधिकारी एसटी वर्ग से होना था लेकिन पिछले दरवाजे से आनंदराव रामटेके को संयुक्त सचिव बनाया गया है।
सुनील रामटेके ने एक नया एसोशिएशन का पंजीयन करवा लिया है जिसका नाम भी हमारे एसोसिएशन का नाम है, यहीं का पता भी है, लेटरहेड डिजाइन भी समान है, लोगो एवं मोनो भी हमारा ही है। वो समाज के साथ साथ प्रबंधन को भी गुमराह करना, धोखा देना है।
पत्रकार वार्ता में महासचिव, सचिव सहित कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार रामटेके, चेतनलाल राणा, अनिल कुमार खेलनवाल ने बीएसपी प्रबंधन से मांग की है कि ऐसे षडयंत्रकारी, धोखेबाज, समाजविरोधी व्यक्ति को प्रश्रय न दिया जाए। एसोसिएशन के बायलॉज के अनुसार जो भी कर्मचारी सेवानिवृत्त हो जाता है उनकी एसोसिएशन से सदस्यता स्वत: ही समाप्त हो जाती है, परंतु सेवानिवृत्त होने के बाद भी एसोसिएशन में अवैध एवं असंवैधानिक रूप से कब्जा कर अध्यक्ष बने रहने की उनके कुत्सित प्रयास से सम्पूर्ण अनुसूचति जाति एवं जनजाति समाज आक्रोशित है।