दुर्ग

हेमचंद विवि ने बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के नतीजे घोषित किए
04-Jul-2023 3:15 PM
हेमचंद विवि ने बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के नतीजे घोषित किए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जुलाई।
हेमचंद यादव विवि दुर्ग द्वारा जून 2023 में आयोजित बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के नतीजे रिकार्ड 05 दिवस के अंदर घोषित कर दिये गये। उल्लेखनीय है कि बीएड चतुर्थ सेमेस्टर का अंतिम प्रश्नपत्र 26 जून को आयोजित हुआ था तथा परीक्षा परिणाम 30 जून को जारी कर दिये गये। 

यह जानकारी देते हुए परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि व्यापमं द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों के प्रतिनिधि मंडल ने विवि की माननीय कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा से आग्रह किया था कि व्यापमं द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा के परिणाम घोषित होने के पूर्व विवि बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम घोषित कर दिये जिससे व्यापमं की परीक्षा में चयनित होने पर उनकी पात्रता पर कोई प्रभाव न पड़े। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कुलपति, डॉ. पल्टा के निर्देश पर विवि द्वारा बीएड चतुर्थ सेमेस्टर का केन्द्रीय मूल्यांकन कराकर शीघ्र 05 दिनों में परिणाम घोषित कर दिया गया।

विवि द्वारा जारी बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम के अनुसार कुल 4892 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा उनमें से 4694 परीक्षार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इस परीक्षा का परिणाम 96 प्रतिशत रहा। डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि एमएड का परीक्षा परिणाम भी विवि द्वारा शीघ्र घोषित किया जाएगा। 

 


अन्य पोस्ट