दुर्ग

भिलाई चरोदा निगम में पद संरचना का विस्तार
03-Jul-2023 4:09 PM
भिलाई चरोदा निगम में पद संरचना का विस्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 3 जुलाई। भिलाई चरोदा निगम कॉन्फ्रेंस हाल में शुक्रवार को महापौर परिषद की बैठक संपन्न हुई। महापौर निर्मल कोसरे की अध्यक्षता में दोपहर 2 बजे से प्रारंभ हुई। परिषद् की बैठक में महापौर परिषद् के सभी 08 सदस्य उपस्थित रहे। महत्वपूर्ण बिंदुओं को साथ लेकर बैठक में पहुंचे निगम सचिव अश्विनी चंद्राकर द्वारा निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी एवं महापौर निर्मल कोसरे के समक्ष बैठक शुरू होते ही प्रस्तावों की जानकारी देते हुए बैठक की कार्रवाई की शुरूवात की।

लोक निर्माण विभाग से आये निर्माण कार्य, नजूल भूमि पर पट्टा दिये जाने के साथ ही बैठक में कर्मचारियों के हितों से पद संरचना के विस्तार का प्रस्ताव भी परिषद् के पटल पर रखा गया।

निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी द्वारा बैठक में महापौर निर्मल कोसरे सहित एम.आई.सी. सदस्यों को जानकारी देते हुये इस विषय को गंभीरता और आवश्यकता से अवगत कराया। यहां बता दें कि साडा कार्यकाल के दौरान नियमित हुए कर्मचारियों की बड़ी संख्या में सेवानिवृत्ति इस समय होने से निगम प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों की कमी की समस्या बनी हुई है, जिस कारण कार्य प्रभावित होने की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

परिसीमन उपरांत वार्डों के बड़े होने से भी सहायक राजस्व निरीक्षकों के नये पदों की आवश्यकता को देखते हुये 12 पद नये स्वच्छता पर्यवेक्षक के 10 पद, राजस्व उपनिरीक्षक के 10 पद एवं वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक का 01 पद स्वीकृत किये जाने के प्रस्ताव को परिषद् की बैठक द्वारा स्वीकृति प्रदान कर शासन की ओर अनुमति हेतु भेजा जा रहा है।

 बैठक में महापौर निर्मल कोसरे निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी, निगम सचिव अश्वनी चंद्राकर के अलावा परिषद सदस्य मोहन साहू, ईश्वर साहू, एस.वेकंट रमना, एम. जानी, मनोज डहरिया, श्रीमती दिप्ती, आशीष वर्मा, संतोषी निषाद, देवकुमारी भलावी तथा सचिवालय लिपिक लिंगेश्वर राव मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट