दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जुलाई। दुर्ग जिला मुख्यालय से 31 किमी दूर अर्जुन्दा में 24 जून की रात कांग्रेस नेता व व्यापारी राजेश बाफना के ज्वेलरी शॉप से एक किलो 620 ग्राम सोना व 31 किलो चांदी के जेवरात की चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने संगम सिंह बावरी, चरण, लाखन सिंह भाटिया, महेश वाल्मिकी, राजेन्द्र सिंह, हरविंदर सिंह, सुरजीत सिंह, संजू सिंह, रणदीप सिंह, कुलजीत सिंह, सागर भोजपुरी, रामकुमार सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा दिया गया है।
ज्ञात हो कि सभी आरोपियों को पुलिस ने 48 घंटे में अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर अर्जुन्दा थाने लाया। यहां से कल देर शाम तक गुंडरदेही कोर्ट में पेश किया गया। जहां से देर रात तक न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्यवाही की गई। पुलिस के अनुसार कोरोना टेस्ट व मुलाहिजा प्रक्रिया में देरी हुई।
दिन में गद्दा, तकिया बेचकर आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकान की रेकी किया और उसी रात में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने देवरी के महालक्ष्मी ज्वेलर्स व अन्य जिले के कई दुकानों में चोरी की है। बालोद, राजनांदगांव, महाराष्ट्र के एक हजार से ज्यादा सीसी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों तक पुलिस पहुंची है।