दुर्ग

कार खड़ी बस से टकराने के बाद पेड़ से जा टकराई, एक मौत
03-Jul-2023 2:10 PM
कार खड़ी बस से टकराने के बाद पेड़ से जा टकराई, एक मौत

 पांच घायलों में दो गंभीर सेक्टर-9 आईसीयू भेजे गए 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जुलाई।
दुर्ग में देर रात लगभग सवा 3 बजे साइंस कॉलेज के सामने सडक़ दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौत हो गई और कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो की हालत बिगडऩे पर आज सुबह सेक्टर-9 अस्पताल लाया गया है। चिकित्सकों ने दोनों की हालत चिंताजनक बताई है। 

दुर्घटना में मृत युवक सेक्टर-7, सडक़-23 का निवासी बताया जाता है। मृतक पूर्व में सीआरपीएफ में पदस्थ था और वर्तमान में फाइनेंस एडवाइजर के रूप में लोगों को सेवाएं दे रहा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। मृतक पुलिस मुख्यालय में पदस्थ आरक्षक विकास सिंह का छोटा भाई बताया जाता है। 

मिली जानकारी के अनुसार अनुसार देर रात्रि लगभग सवा 3 बजे दुर्ग से रायपुर की ओर जा रही कार में 6 युवक सवार थे। इनकी कार मालवीय चौक के आगे साइंस कॉलेज के समीप एक खड़ी बस से टकराने के बाद समीप के पेड़ से जा टकराई, जिससे परिचालक सीट पर बैठे युवक मुकेश कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई,  वहीं कार चालक सहित कार में सवार 5 अन्य युवक घायल हो गए। 

बताया जाता है कि कार क्रमांक सीजी 07 अव 8234 की दुर्घटना के समय रफ्तार काफी तेज थी। कार पहले सडक़ के किनारे खड़ी बस से टकराई उसके बाद पेड़ से जा टकराई, जिससे ड्राइवर के साथ बाजू में बैठा हुआ सेक्टर-7 भिलाई के युवक मुकेश कुमार सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार चालक और सवार 4 युवक घायल हो गए जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है जिनका उपचार सेक्टर 9 चिकित्सालय के आईसीयू में जारी है। 

मोहन नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है। बताया जाता है कि मृतक के पिता अवधेश सिंह पारिवारिक कार्यों से राउरकेला गए हुए हैं, जिन्हें इस मौत की जानकारी दे दी गई है।


अन्य पोस्ट