दुर्ग

रायपुर निको कंपनी के मैनेजर का भिलाई से अपहरण कर पिटाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार
01-Jul-2023 4:18 PM
रायपुर निको कंपनी के मैनेजर का भिलाई से अपहरण कर पिटाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

  4 लाख न लौटाने पर की थी मारपीट  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 जुलाई।
निको कंपनी के मैनेजर का फिल्मी स्टाइल में किडनैप कर उससे मारपीट करने वाले मैनेजर के दोस्त को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। भिलाई नगर थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक्स आर्मी मैन बेनी प्रसाद है जो कि अपह्रत मैनेजर का परिचित भी है। किडनैपिंग के बाद आरोपी ने मैनेजर के मुंह में टेप लगाकर इलेक्ट्रिक वायर से बांधा और उसे अंडा से बालोद मार्ग ले जाकर उसके साथ मारपीट की। बाद में घर वापस छोड़ कर फरार हो गया था। 
 
भिलाई नगर पुलिस के मुताबिक यह किडनैपिंग चार लाख रुपए के लेनदेन को लेकर की गई थी। आरोपी बेनी प्रसाद देशमुख एक्स आर्मी मैन है। उसने अपने साथी गंगदेव प्रसाद का दिनदहाड़े नेहरू नगर से अपहरण कर लिया। गंगदेव प्रसाद (40) ने बताया कि वो सेक्टर-7 सडक़ 31 ए क्वार्टर- 5ए में रहता है तथा रायपुर स्थित निको स्टील प्लांट में मैनेजर है। आरोपी बेनी प्रसाद उसका दोस्त था तथा नाइट ड्यूटी करके 29 जून की सुबह 8 बजे वो नेहरू नगर पहुंचा। उसी समय बेनी कार से पहुंचा और गंगदेव को अपनी कार में धकेल कर बैठा लिया। गंगदेव भागने न पाए इसलिए उसने उसका हाथ पैर इलेक्ट्रिक तार से बांध मुंह में टेप लगा दिया। इसके बाद वो उसे अंडा से बालोद रोड की तरफ ले गया। 

पुलिस ने आरोपी के पास से कार, हथौड़ी, चाकू और इलेक्ट्रिक वायर को जब्त कर लिया है। आरोपी ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने गंगदेव को एक घंटे तक कार में घुमाकर मारपीट की। कार अंडा की तरफ ले गया। इस दौरान उसने अपने रुपए वापस मांगे। जब गंगदेव ने असमर्थता जताई तो उसने जान से मारने की धमकी देते हुए किसी नुकीली चीज से उसके ऊपर कई वार भी किए। इस दौरान उसने उसे बुरी तरह मारा पीटा और फिर उसके घर के पास छोडक़र कार समेत फरार हो गया। गंगदेव की रिपोर्ट पर पुलिस टीम कल से आरोपी की तलाश में जुटी थी और आज सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट