दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जून। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा की अध्यक्षता में राजस्व एवं नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर अरविंद एक्का, भिलाई नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास, दुर्ग नगर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर व रिसाली नगर निगम आयुक्त आशीष देवांगन के साथ एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री मीणा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर जमीन से जुड़े सभी अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व वसूली, नक्शा बटंाकन, डायवर्सन की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभागीय प्रकरणों के निराकरण में लेटलतीफी करने वाले वाले अधिकारियों को फटकार लगाई और सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन सर्वोच्च प्राथमिकता से करने को कहा।
कलेक्टर श्री मीणा ने अवैध प्लाटिंग के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के संबंध में निजी सोर्स से जानकारी प्राप्त होती है। समय पर जानकारी प्राप्त नही होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पाती है। उन्होंने कहा कि पटवारियों के हड़ताल पर होने के कारण राजस्व से संबंधित प्रकरण लंबित हो गए हैं, जिसको दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त राजस्व निरीक्षक लगाकर सीमांकन प्रकरणों के लंबित प्रकरणों का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
कलेक्टर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके आवासों की जानकारी ली। नगर पालिक निगम आयुक्त ने बताया कि दुर्ग जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 543 आवास प्रगतिरत है। अमृत मिशन योजना के अंतर्गत पेयजल प्रदाय की स्थिति एवं नल कनेक्शन की जानकारी ली।
वेंडिंग जोन की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सभी वेंडिंग जोन के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने एवं आम जनता के लिए सुविधायुक्त बनाया जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। साथ ही इसे सुंंदर बनाने के लिए वेंडिंग जोन के आसपास छोटे-छोटे पौधे लगाया जाए और इस तरह उनका रंग-रोगन किया जाए की आम जनता उसकी ओर आकर्षित हो सके। उन्होंने रिसाली वेंडिंग जोन की तारीफ करते हुए अन्य जोन को भी आकर्षित रूप से विकसित करने को कहा। साथ ही उन्होंने मोर मकान मोर आस, मोर मकान मोर चिन्हारी एवं अमृत मिशन योजना की जानकारी ली।
कलेक्टर ने वर्षा में आए डूबान क्षेत्र की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि डूबान वाले क्षेत्रों में स्वयं जाकर निरीक्षण करते हुए डूबान क्षेत्र की सूची तैयार करने को कहा। बरसात के मौसम को देखते हुए डूबान क्षेत्र में जल निकासी हेतु पर्याप्त उपकरण एवं मानव संसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
ताकि अधिक जल भराव व डूबान वाले क्षेत्रों से वर्षा के दौरान जल निकासी कर क्षेत्रवासियों को राहत दी जा सके।
कलेक्टर ने बरसात के मौसम में जीर्णर्शीण भवन एवं दीवाले जो बहुत पुरानी हो गई है जो गिरने की स्थिति में है ऐसे भवनों को प्राथमिकता देते हुए उनकी मरम्मत या भवन की स्थिति को देखते हुए उसे तोडऩे को कहा, जिससे जनहानि न हो।