दुर्ग

हर बूथ मजबूत करने दुर्ग विस में प्रशिक्षण शिविर
29-Jun-2023 3:37 PM
हर बूथ मजबूत करने दुर्ग  विस में प्रशिक्षण शिविर

भूपेश पर है प्रदेश की जनता को भरोसा-वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 जून। बुधवार को दुर्ग शहरी विधानसभा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एवं राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया व प्रदेश में पुन: कांग्रेस सरकार लाने का संकल्प लिया। विधायक वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार की नीतियों की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि राज्य ने कांग्रेस सरकार आने के बाद ही वास्तविक विकास देखा है। प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जनकल्याणकारी नीतियों पर भरपूर भरोसा है। विकास का छत्तीसगढ़ मॉडल पूरे देश मे चर्चा का विषय है।

स्वास्थ्य शिक्षा एवं रोजगार के साथ ही गरीब मजदूर एवं किसान कल्याण के अभूतपूर्व कार्य विगत साढ़े चार वर्षों में किए गए हैं। शहरी अधोसंरचना के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था व छत्तीसगढ़ के पुरखों की परंपरा को संजोने का कार्य सरकार लगातार कर रही है। मतदाताओं का आशीर्वाद फिर से कांग्रेस को प्राप्त होगा और इस बार पहले से अधिक सीटें प्राप्त होगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सभी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाने कहा। प्रशिक्षण शिविर में संकल्प लिया कि फिर से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनानी है कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव हेतु ट्रेनिंग दिया गया।

बैठक में दुर्ग निगम महापौर धीरज बाकलीवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र साहू,  मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष  क्षितिज चंद्राकर, दुर्ग नगर निगम के सभापति राजेश यादव, जिला अध्यक्ष गया पटेल, पूर्व महापौर शंकरलाल ताम्रकार, युंका महासचिव संदीप वोरा,अध्यक्ष आयुष शर्मा, गौरव उमरे एवं नगर निगम के सभी पार्षद सभी ब्लॉक के ब्लॉक अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के समस्त कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट