दुर्ग
ब्लैक स्कार्पियो से पहुंचे थे पांच लोग
पुलिस का दावा-जल्द होंगे गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 जून। दुर्ग में कुछ लोगों ने ईडी अफसर बनकर स्थानीय व्यापारी विनीत गुप्ता से 2 करोड़ रुपए ठग लिए हैं। इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में ले पूछताछ की जा रही थी, जिसके बाद दो संदिग्धों को छोड़ दिया गया है। एक जिस संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है, वह नागपुर का है।
मोहन नगर पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में पता चला है कि दुर्ग का पीडि़त व्यवसायी विनीत गुप्ता टैक्स की चोरी करता था। वह इतनी बड़ी रकम किसी दूसरे व्यापार या प्रॉपर्टी डीलिंग में इनवेस्ट करना चाहता था, उसकी पार्टी से डीलिंग होने वाली थी, उन्हीं को देने के लिए उसने दो करोड़ रुपए अपने ऑफिस में रखे थे। इससे पहले की डील होती, पांच ठग ईडी अफसर बनकर वहां पहुंच गए और कैश लेकर चले गए।
बताया जा रहा है कि फर्जी ईडी की टीम बनाकर पांच लोग काले रंग की स्कार्पियो से मंगलवार दोपहर दुर्ग के पारख काम्पलेक्स पहुंचे थे। आरोपियों ने सफेद शर्ट और खाकी रंग का पैंट और पुलिस की तरह लाल रंग के जूते पहन रखे थे। वो सीधे व्यापारी विनीत गुप्ता के ऑफिस पहुंचे और ऑफिस का दरवाजा बंद कर दिया। उन्होंने खुद को ईडी का अधिकारी बताया और कहा कि उन्हें शिकायत मिली है कि वो टैक्सी की बड़ी चोरी करता है और काफी बड़ी मात्रा में कैश रखा है। इससे विनीत घबरा गया।
आरोपियों ने विनीत के ऑफिस की तलाशी ली और कुछ दस्तावेज देखे। उन्हें वहां 2 करोड़ रुपए कैश मिला। आरोपियों ने उसे जब्ती बनाने की बात कहते हुए गाड़ी में रखा और वहां से फरार हो गए।
इसके बाद विनीत गुप्ता रेड के बारे में पता लगाने के लिए मोहन नगर थाने पहुंचा। दो करोड़ रुपए कैश ले जाने की बात सुनते ही हडक़ंप मच गया। मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि जांच चल रही है। ये तो नहीं बताया जा सकता है कि विनीत किस काम में इतनी बड़ी रकम लगा रहा था और किसको देने वाला थे, लेकिन पुलिस को उस पर भी पूरा संदेह है क्योंकि आरोपियों को पता था कि विनीत के ऑफिस में इतना बड़ा कैश है। पुलिस इस मामले में कई लोगों से पूछताछ कर रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे।