दुर्ग
दुर्ग पुलिस के डॉयल 112 में त्वरित रिस्पांस से महिला की बची जान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 जून। दुर्ग पुलिस के डायल 112 में त्वरित रिस्पांस से महिला की जान बची। आरक्षकों ने फाँसी के फंदे पर लटकने जा रही महिला के घर का दरवाज़ा तोड़ जान बचाई।
मंगलवार को दोपहर सवा 3 बजे डायल 112 को इवेंट मिला कि कॉलर बार-बार कॉल कर रहा, पर महिला कॉल नहीं उठा रही। लोकेशन के आधार पर टीम तत्काल रवाना हुई और घटनास्थल के पास पहुंच घरवालों के संबंध में आसपास पता किया तो उस घर की जानकारी मिली, जहां एक महिला अपने ही घर का दरवाजा लगाकर फांसी लगाने की कोशिश कर रही थी।
पुलिस के बहुत आवाज लगाने पर भी उसने जब दरवाजा नहीं खोला तो दरवाजा तोड़ा गया। भीतर जो महिला अपने रूम में ही पंखे में साड़ी से फांसी लगा रही थी, उसको तत्काल ही फंदा खोलकर नीचे उतारा गया। उसे पानी पिलाया गया और फांसी लगाने का कारण पूछा गया।
महिला ने बताया कि पति से पारिवारिक वाद विवाद होने के कारण वह फांसी लगा रही थी। महिला ने बताया वह अभी ठीक है। महिला एवं उसके पति को थाना मोहन नगर द्वारा समझाइश दी गई। डायल 112 के आरक्षक तारकेश्वर साहू, मुकेश यादव और चालक मनीष निर्मलकर, चालक नितेश सिन्हा ने त्वरित व तत्परता से कार्य कर महिला की जान बचाई।