दुर्ग

कसारीडीह वार्ड पार्षद पद के उपचुनाव में 53 प्रतिशत मतदान
28-Jun-2023 2:31 PM
कसारीडीह वार्ड पार्षद पद के  उपचुनाव में 53 प्रतिशत मतदान

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 जून।  दुर्ग नगर निगम अंतर्गत कसारीडीह वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद पद के उपचुनाव के लिए मंगलवार को प्राथमिक पाठशाला कसारीडीह के मतदान केंद्र में मतदान किए गए। बारिश की वजह से सुबह मतदान के शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर में मतदान की गति में तेजी आई। जिससे कुछ बूथों में मतदाताओं की कतारें देखी गई। कुल 4226 मतदाताओं में से 2248 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। कुल मतदान 53.19 प्रतिशत रहा।

3 वर्ष पूर्व वार्ड के हुए चुनाव में कुल 2500 मतदाताओं ने मतदान किया था। मंगलवार को  वार्ड के उपचुनाव में पूरे मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते, भाजपा प्रत्याशी कांता साहू और निर्दलीय प्रत्याशी खिलेश्वरी निर्मलकर अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र के बाहर  सक्रिय रहे और अपने पक्ष में वोट करने मतदाताओं से आग्रह निवेदन करते रहे। मतदान उपरांत प्रत्याशियों ने विक्ट्री साइन दिखाकर अपने अपने जीत के दावे किए हैं। प्रत्याशियों के जीत हार को लेकर रुझान भी आने शुरू हो गए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक वार्ड के इस उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी के बीच कांटे का मुकाबला की संभावनाएं जताई जा रही है।

मंगलवार की सुबह कसारीडीह स्थित प्राथमिक पाठशाला के मतदान केंद्र में निर्धारित समय अनुसार मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान के लिए 5 बूथ बनाए गए थे। मतदान के शुरुआती दौर में बारिश ने प्रत्याशियों व कांग्रेस, भाजपा व अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी थी। बारिश के बावजूद भी मतदाता मतदान केंद्र पहुंचते रहे और अपने मताधिकार का उपयोग किया। वहीं बारिश में प्रत्याशियों के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता मतदान केंद्र के बाहर छाता लेकर उत्साह के साथ डटे रहे।

कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते के समर्थन में विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, राज्य मदरसा बोर्ड अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय मिश्रा, पूर्व पार्षद प्रकाश गीते, एल्डरमैन रत्ना नारमदेव, शिवाकांत तिवारी, आयुष शर्मा संदीप वोरा, सुमित वोरा, एल्डरमैन राजेश शर्मा,  खुशबू साहू, शकून ढीमर के अलावा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रहे, वहीं भाजपा प्रत्याशी कांता साहू के समर्थन में जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, जिला भाजपा उपाध्यक्ष कांतिलाल बोथरा, विनायक नातू, रोमनाथ साहू, दिनेश देवांगन, डॉ अनिल साहू, दिव्या साहू, आशीष निमजे, अजय तिवारी, गणेश निर्मलकर, राजा महोबिया, रजा खोखर, मदन वढ़ई, पिंटू गौतम, अमजद अली, श्याम शर्मा, शरद अग्रवाल के अलावा अन्य कार्यकर्ता प्रत्याशी के पक्ष में लाबिग करते रहे।


अन्य पोस्ट