दुर्ग
खेत में लगे पंप एवं सोलर तार की करते थे चोरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 27 जून। रात गश्त में चोरी करते पकड़ाए संदेहियों से 6 अन्य चोरियों का खुलासा हुआ। पुलिस ने छ: आरोपियों एवं 2 खरीदार को गिरफ्तार किया। आरोपी खेत में लगे पंप एवं सोलर तार को टारगेट करते थे।
पुलिस के अनुसार पाटन के रानीतराई क्षेत्र के आस-पास खेत में लगे सोलर केबल, मोटर पंप चोरी की सूचना लगातार मिल रही थी। एसपी दुर्ग शलम सिन्हा ने एएसपी अनंत कुमार साहू के निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन देवांश सिंह राठौर के द्वारा रात्रि गश्त बढ़ाने एवं चोरी पकडऩे के संबंध में निर्देश दिए। पाटन अनुविभाग के समस्त थाना प्रभारी की मीटिंग बुलाकर रात्रि गश्त करने एवं संदेहियों पर नजर रखने के संबंध में विशेष हिदायत दी गई।
विगत 24-25 जून की दरम्यानी रात्रि गश्त पर थाना रानीतराई स्टाफ ग्राम तेलीगुण्डरा से ग्राम असोगा की ओर आ रहा था, तभी एक बाइक पर 3 लडक़े बोरी में कुछ सामान रखे दिखे, जिसे स्टाफ द्वारा रूकने कहने पर भागने लगे, उन्हें दौड़ाकर पकडऩे पर बोरी में भरा केबल तार मिला।
संदिग्ध लगने पर थाना लाकर पूछताछ करने पर अलग-अलग समय में अन्य साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के आधार पर बताये गये स्थल का निरीक्षण किया गया और अन्य साथियों को भी कब्जा पुलिस लिया गया। आरोपियों ने बताया कि बाइक से दिन में क्षेत्र में रेकी करते थे, उसके बाद शाम 6 से रात 11 बजे के बीच बाइक में आकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने ग्राम रेंगाकठेरा, कोही, भन्सुली, चुलगहन, पाहन्दा, जामगांव आर क्षेत्र में पंप, केबल वायर चोरी की। जिसका कुछ सामान गिधपुरी के कबाड़ी ललित साहू को बेचा एवं केबल तार को जलाकर तांबा को पाटन के लक्ष्मीकांत देवांगन के पास बेच दिया। चोरी का सामान खरीदने के आधार पर उक्त दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में राजेश उर्फ गोलू देवार (28 वर्ष) गिधपुरी जिला बलौदाबाजार, वर्तमान पता आजाद चौक पाटन जिला दुर्ग, रतून देवार (22 वर्ष) धमतरी, अर्जुन देवार (20 वर्ष) रानीतराई जिला दुर्ग, ज्वाला देवार (34 वर्ष) पाटन, अजय देवार (28 वर्ष) पाटन, कुशल कुमार कोसे (35 वर्ष) खोरपा पाटन तथा कबाड़ी ललित साहू (34 वर्ष) कुरूद (कुठेला), थाना आरंग, जिला रायपुर, लक्ष्मीकांत देवांगन (43 वर्ष) पाटन को धारा 379, 411, 34 में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में जेल भेजा गया है।