दुर्ग

पोटिया व डिपरापारा शराब दुकान से वार्डवासी परेशान, चक्काजाम कर जताया आक्रोश
26-Jun-2023 4:34 PM
पोटिया व डिपरापारा शराब दुकान से वार्डवासी परेशान, चक्काजाम कर जताया आक्रोश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 जून। दुर्ग-पुलगांव बायपास रोड स्थित पोटिया चौक में देशी व अंग्रेजी शराब दुकान की वजह से लगातार बिगड़ रहे माहौल के खिलाफ वार्डवासियों ने शनिवार को भाजपा नेताओं के साथ चक्काजाम कर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से रोड पर आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पोटिया व डिपरापारा की शराब दुकानें हटाया जाए। जिला प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद ही प्रदर्शन खत्म हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पोटिया में शराब दुकान की वजह से रोज भीड़भाड़ की स्थिति रहती है। दो दिन पहले ही पोटिया शराब दुकान के पास तेज रफ्तार

ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई थी वही दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि इस रास्ते से गुजरना

दुभर हो गया है। छेडख़ानी और गंदे अपशब्दों की छींटाकशी महिलाओं को झेलना पड़ता है। बच्चों का स्कूल आना जाना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। ऐसे में शराब दुकान का रहना दुर्भाग्यजनक है। जिसको तत्काल हटाया जाना चाहिए। प्रदर्शन से मौके पर पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात किए गए थे, जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार ख्याति नेताम उपस्थित थी। जिनके आश्वासन पर चक्काजाम खत्म किया गया व चेतावनी दिया गया कि अगर शराब दुकान जल्द नहीं हटता है, तो पुन: उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम कर विरोध किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, जिला महामंत्री ललित चंद्राकर, सुरेंद्र परिहार, पूर्व वार्ड पार्षद सविता साहू, लक्ष्मी साहू, नूतन साहू, देहूती गोस्वामी, अमर बाई, सवाना जांगड़े, कला बाई, तंडेका शैल साहू, तरीका साहू, गायत्री साहू, आरती चंद्राकर, नारायणी साहू, मधु जैन, माया अमृत रेखा साहू सरिता देशमुख, सुनेती साहू के अलावा वार्डवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।


अन्य पोस्ट